शिमला श्रीराम मंदिर हॉल में निकाह रिसेप्शन पर विवाद, पुलिस ने हाउस अरेस्ट किए हिंदू संघर्ष समिति के नेता
शिमला में श्री राम मंदिर हॉल में प्रस्तावित निकाह रिसेप्शन को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसके तहत मुंडन कार्यक्रम आयोजित हो ...और पढ़ें

शिमला में श्रीराम मंदिर स्थित हाल जहां निकाह की रिसेप्शन होगी। जागरण
HighLights
शिमला राम मंदिर हॉल में निकाह रिसेप्शन का विरोध।
हिंदू संगठनों ने मुंडन कार्यक्रम का किया था ऐलान।
पुलिस ने विरोध से पहले नेताओं को किया हाउस अरेस्ट।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में श्री राम मंदिर हॉल में प्रस्तावित ‘निकाह’ रिसेप्शन के विरोध में हिंदू संगठनों ने विरोध का एलान किया था। इसके तहत आज दोपहर तीन बजे मुंडन कार्यक्रम किया जाना था। विरोध प्रदर्शन से पहले ही शिमला पुलिस हरकत में आ गई और हिंदू संघर्ष समिति के नेताओं को उनके घरों में ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
हिंदू संघर्ष समिति के सहसंयोजक विजय शर्मा ने बताया कि पुलिस सुबह से ही उनके घर पहुंच गई और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया गया। बालूगंज मस्जिद में निकाह संपन्न होने के बाद श्री राम मंदिर हॉल में रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जानी है, जिसे लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है।
मुंडन का निर्णय
मुस्लिम युवती के निकाह की प्रस्तावित रिसेप्शन पर उठे विवाद के बीच अब हिंदू संघर्ष समिति ने विरोधस्वरूप 11 अप्रैल को दोपहर तीन बजे मुंडन करवाने की बात कही थी। हिंदू संघर्ष समिति ने सांस्कृतिक अतिक्रमण और मंदिरों के साथ हो रहे कथित खिलवाड़ के विरोध में मुंडन का निर्णय लिया था। इस बीच पुलिस ने इन नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष को घेरा
समिति ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह और भाजपा पर भी सवाल उठाए हैं। हिंदू संघर्ष समिति के सह संयोजक मदन ठाकुर ने कहा कि गुरमीत सिंह कई शादियां कर चुका है और उसे हिंदू धर्म पर बात करना शोभा नहीं देता।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए इस तरह के काम कर रहे हैं। उन्होंने पहले वहां कलमा पढ़ने का विरोध किया था, जिसके बाद उसे वहां से स्थानांतरित कर दिया है।
सूद सभा पर भी सवाल
उन्होंने सूद सभा पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि राम मंदिर भक्तों के एक-एक पैसे से बना है, लेकिन प्रबंधन के लोग चंदे के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द करोड़ों रुपये के इस घोटाले का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने मामले को कोर्ट ले जाने की बात कही।
खबरें और भी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष व पार्षद ने परिवार से की मुलाकात
इससे पहले प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह और रुल्दूभट्ठा वार्ड की भाजपा समर्थित पार्षद सरोज ठाकुर ने मुस्लिम परिवार के घर ईदगाह पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने मुस्लिम पक्ष के साथ खड़े होने की बात कही। उन्होंने लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। गुरमीत सिंह ने कहा कि कुछ लोग इस मामले को बेवजह तूल देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें इस कार्यक्रम का निमंत्रण मिला है और परिवार से पुराने संबंध हैं। पार्षद सरोज ठाकुर ने कहा कि इस मामले को अनावश्यक रूप से बढ़ाया जा रहा है। वह परिवार की पड़ोसी हैं और ऐसे समय में साथ खड़ा होना जरूरी है।