विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला के रामपुर में पहाड़ी दरकने से हार्डवेयर स्टोर और 3 वाहन मलबे में दबे, बाल-बाल बची लोगों की जान

By Atul Kashyap Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 19 Aug 2026 04:58 PM (IST)Updated: Wed, 19 Aug 2026 05:23 PM (IST)

शिमला के रामपुर में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक हार्डवेयर स्टोर और तीन वाहन मलबे में दब ...और पढ़ें

शिमला के रामपुर में भूस्खलन से जमींदोज हुआ हार्डवेयर स्टोर और गाड़ियां। जागरण

शिमला के रामपुर में भूस्खलन से जमींदोज हुआ हार्डवेयर स्टोर और गाड़ियां। जागरण

HighLights

  1. शिमला के रामपुर में भारी बारिश से भूस्खलन हुआ।

  2. हार्डवेयर स्टोर और तीन वाहन मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हुए।

  3. मौके पर मौजूद लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में भारी बारिश के कारण जगह-जगह नुकसान हुआ है। रामपुर के डकोलढ़ में भारी वर्षा के बाद बुधवार दोपहर भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से आए मलबे की चपेट में हार्डवेयर स्टोर और एनएच किनारे खड़े तीन वाहन आ गए। इसमें स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। 

मौके पर मौजूद लोग खतरे को भांप गए थे, इस कारण वे पहले ही स्टोर से बाहर आ गए थे। बताया जा रहा है कि लोग पत्थर गिरते देख रहे थे कि अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ही दरक गया, जिसने स्टोर को तहस-नहस कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

एनएच पर जा गिरा मलबा

भूस्खलन के दौरान स्टोर की छत और अन्य सामान मलबे के साथ सड़क किनारे खड़ी तीन कारों के ऊपर जा गिरा, जिससे तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। 

यातायात हुआ प्रभावित

स्टोर का सामान और मलबा शिमला-रामपुर एनएच पर पहुंचने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई।

मची अफरा-तफरी

हादसे के वक्त मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि भूस्खलन के समय स्टोर के भीतर और क्षतिग्रस्त वाहनों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। 

बढ़ा खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा ऐसे क्षेत्रों की नियमित निगरानी की मांग की है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल के 6 जिलों में बरसी आफत: बंगाणा में नाले में बहा युवक, पुल और सड़कें ध्वस्त; अभी राहत नहीं देगा मौसम

यह भी पढ़ें: हिमाचल खदान हादसा: शिलाई में चट्टानों के नीचे से निकाला ट्रक ड्राइवर का शव, दो लापता की तलाश में जुटे NDRF जवान