शिमला में कोर्ट और SDM दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, उर्दू शब्दों में पोस्टर लिखा- 'दिल्ली तक सुनाई देगी गूंज'
शिमला में रोहड़ू एसडीएम कार्यालय और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरे पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने परिसर खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया औ ...और पढ़ें
HighLights
रोहड़ू एसडीएम कार्यालय और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी।
शिमला में भराड़ी सड़क पर धमकी भरे पोस्टर बरामद।
पुलिस ने परिसर खाली कराकर गहन तलाशी अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला में स्कूलों के बाद अब रोहड़ू के एसडीएम दफ्तर और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह शिमला की भराड़ी सड़क पर धमकी भरे पोस्टर लगे मिले। वहीं रोहड़ू में भी धमकी के बाद हड़कंप मच गया है। भराड़ी सड़क पर लगे पोस्टरों में रोहड़ू एसडीएम कार्यालय और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पोस्टर में लिखा है कि "धमाके की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी"।
पोस्टर में क्या लिखा है
पोस्टर में उर्दू के शब्द हिंदी में लिखे हैं। तकरीर, इतलाहे मुबारक का वक्त आ गया है। आतिशबाजी से जश्ने इबारत तामिल होगी। इंशा अल्लाह बुधवार को रोहड़ू की अदालत और एसडीएम आफिस में धमाके की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी। अंत में लिखा है अल्लाह का एक नेक मुजाहिर।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, चलाया तलाशी अभियान
धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। एसडीएम दफ्तर और कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करवा दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। शिमला पुलिस ने भराड़ी में मिले पोस्टरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रोहड़ू में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां धमकी देने वालों का पता लगाने में जुटी हैं। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
क्या कहते हैं एसएसपी शिमला
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए। रोहड़ू में अदालत परिसर एवं एसडीएम कार्यालय को सुरक्षा के दृष्टिगत खाली करवा लिया गया है। सभी वाहनों को परिसर से हटा दिया गया है तथा मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। बम निरोधक दस्ता को भी मौके पर बुलाया गया है। तलाशी में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, तथापि जांच जारी है।
खबरें और भी
पुलिस ने मामला किया दर्ज
इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज कर विधि अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस की लोगों से अपील
एसएसपी ने कहा कि जिला शिमला पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस द्वारा स्थिति पर पूर्ण रूप से नियंत्रण रखा जा रहा है।
सड़कों पर आवाजाही भी नियंत्रित
शिमला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस संबंध में सदर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर रोहड़ू में पुलिस बल तैनात किया गया है और आसपास की सड़कों पर आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया है।
-मेहर पंवर, एएसपी, शिमला(शहर)।
यह भी पढ़ें: शिमला शहर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन का अभिभावकों को मैसेज; बच्चों को तुरंत घर ले जाएं