शिमला में 3 नाबालिग लड़कियां और एक लड़का लापता, परिवार के सदस्य पहुंचे पुलिस के पास
शिमला जिले में तीन नाबालिग लड़कियां और एक लड़का लापता हो गए हैं। कुमारसैन से 16 वर्षीय लड़का और ठियोग से 16, 12, 13 वर्षीय तीन लड़कियां गायब हैं। परिव ...और पढ़ें

शिमला में तीन नाबालिग लड़कियां व एक लड़का लापता हो गए हैं।
HighLights
शिमला जिले से तीन लड़कियां और एक लड़का लापता।
कुमारसैन से 16 वर्षीय लड़का, ठियोग से तीन लड़कियां गायब।
पुलिस ने जनता से लापता नाबालिगों की जानकारी मांगी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में तीन नाबालिग लड़कियां और एक लड़का लापता हो गए हैं। परिवार की शिकायतों के बाद विभिन्न पुलिस थानों की टीमें इनकी तलाश में जुट गई हैं। इनमें से 3 नाबालिग लड़कियां ठियोग और एक नाबालिग लड़का कुमारसैन उपमंडल से लापता है। पुलिस अब इनकी तलाश कर रही है।
मां अस्पताल गई थी और 16 साल का लड़का हो गया लापता
पहला मामला कुमारसैन थाना के तहत दर्ज हुआ है। कुमारसैन की महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह 04 फरवरी को इलाज के लिए आइजीएमसी शिमला गई थी और 05 फरवरी को जब घर लौटीं तो उनका 16 वर्षीय पुत्र घर पर नहीं मिला। परिजनों द्वारा आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शिकायतकर्ता ने बेटे के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने परिवार के नंबर ब्लॉक कर रखे थे।
नानी के घर छोड़ी थी 16 साल की लड़की, लापता
दूसरे मामले ठियोग थाना के तहत दर्ज हुआ है। इस मामले में महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 6 फरवरी को वह और उसका पति फूलगोभी की रोपाई के लिए अपनी लीज़ की जमीन पर गए थे और अपनी दो बेटियों को शाम करीब 6 बजे लेलू पुल में ननिहाल (नानी) के पास छोड़ गए थे। लौटने पर एक 16 वर्षीय बेटी लापता मिली। तलाश के दौरान यह भी पता चला कि उसी क्षेत्र से 12 और 13 वर्षीय दो लड़कियां भी लापता हैं।
सभी संभावित स्थानों, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में संयुक्त तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस तलाश में जुटी
मामले की जांच एसआई राकेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी लापता नाबालिगों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें।