शिमला में सड़क हादसे में दो पुलिस जवानों की मौत, टोलैंड के पास कार और टैंकर के बीच हुई जाेरदार टक्कर
शिमला के टोलैंड क्षेत्र में देर रात कार और टैंकर की भीषण टक्कर में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को अस्पताल ले जाया गया।

शिमला में दुर्घटना के बाद सड़क किनारे खड़ी पुलिस कर्मियों की कार। जागरण
HighLights
शिमला के टोलैंड में कार-टैंकर की जोरदार टक्कर।
हादसे में दो पुलिसकर्मियों प्रवीण और हेमंत की मौत।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के टोलैंड क्षेत्र में देर रात कार और टैंकर के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हादसा सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास हुआ। दुर्घटना के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को गंभीर हालत में उपचार के लिए आइजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जुब्बल व ननखड़ी के निवासी थे दोनों
मृतकों की पहचान प्रवीण निवासी ननखड़ी और हेमंत निवासी जुब्बल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही छोटा शिमला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
खलीनी की तरफ जा रहे थे पुलिस कर्मी
जानकारी के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी कार में सवार होकर टोलैंड से खलीनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास उनकी कार सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस हादसे की जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वजह से हुआ। दुर्घटना के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी और चालक की ओर से किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
