शिमला में भीषण अग्निकांड: एक घर से उठी चिंगारी ने राख कर दिए 3 रिहायशी मकान; आंखों के सामने राख हुई जीवनभर की संपदा
शिमला के शीरगुली गांव में भीषण अग्निकांड में तीन रिहायशी मकान जलकर राख हो गए, जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति का भारी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि इस घटना ...और पढ़ें
HighLights
शिमला के शीरगुली गांव में भीषण अग्निकांड हुआ।
तीन रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख।
करोड़ों रुपये की संपत्ति का भारी नुकसान।
जागरण टीम, रोहड़ू/शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में भीषण अग्निकांड हुआ है। जिला के बलसन क्षेत्र के शीरगुली गांव में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन रिहायशी मकान इसकी चपेट में आ गए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले लायक राम बकसेठ के घर में लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लकड़ी से बने मकानों और तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सामान भी नहीं निकला पाए लोग
शीरगुली गांव बगीचों के बीच बसा हुआ है। ऐसे में आग लगने के बाद आसपास के बागवानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घरों से सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के चलते अधिकांश सामान नहीं बचाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं।
दमकल टीम ने आग फैलने से रोकी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। मकानों के साथ घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य कीमती वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं।
लोगों में चिंता व दहशत का माहौल
प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गांव में इस अग्निकांड के बाद शोक और चिंता व दहशत का माहौल बना हुआ है।