शिमला: कुफरी में कानपुर के पर्यटकों और स्थानीय लोगों में खूनी संघर्ष, मामूली कहासुनी के बाद चार लहूलुहान
हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भीड़ के बीच कई जगह से विवाद के मामले भी सामने आ रहे हैं। शिमला के कुफरी में भी पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट ह ...और पढ़ें

मारपीट में घायल पर्यटक आईजीएमसी शिमला पहुंचाए गए।
HighLights
कुफरी में मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद।
चार पर्यटकों को सिर व बाजू में आई गंभीर चोटें।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के पर्यटन स्थल कुफरी के फन वर्ल्ड के समीप रविवार को स्थानीय लोगों और उत्तर प्रदेश के कानपुर के पर्यटकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इससे चार पर्यटकों को चोटें पहुंची हैं, जिन्हें उपचार के लिए आइजीएमसी अस्पताल शिमला लाया गया। चारों पर्यटक लहुलूहान हो गए, इनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ये हुए घायल, सिर व बाजू में चोटें
घायल पर्यटकों की पहचान संकेत पालीवाल, अमित जैन, नितिन जैन और यश जैन के रूप में हुई है। किसी बात को लेकर हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। इससे पर्यटकों के सिर और बाजू सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घायलों के बयान दर्ज
पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी की टीम ने मामले की जानकारी जुटाई। घायल पर्यटकों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मारपीट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
क्यों हो रहे विवाद
गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों भारी तादाद में पर्यटक हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों में पहुंच रहे हैं, इस बीच अव्यवस्था को लेकर कई बार बहसबाजी भी हो रही है। लेकिन कुफरी में नौबत खूनी संघर्ष तक पहुंच गई।