हिमाचल पुलिस ने हरियाणा के युवक से पकड़ा करोड़ों रुपये का चिट्टा, शिमला में स्पेशल टीम ने की कार्रवाई
हिमाचल पुलिस ने शिमला के तारा देवी में 1.120 किलोग्राम चिट्टे के साथ हरियाणा के एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद चिट्टे की कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आ ...और पढ़ें

शिमला में हरियाणा का युवक करोड़ों रुपये के चिट्टे के साथ पकड़ा है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिमला में 1.120 किलोग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार।
बरामद चिट्टे की कीमत 6 करोड़ रुपये आंकी गई।
पुलिस संगठित तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने चिट्टा नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। शिमला के तारा देवी स्थित आइटीबीपी कैंप के समीप पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआइयू) ने 1.120 किलोग्राम चिट्टे सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। बरामद चिट्टा की मात्रा को इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी खेप माना जा रहा है। इसकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एसआइयू की टीम को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद तारा देवी क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.120 किलो चिट्टा बरामद हुआ।
बालूगंज थाना में मामला दर्ज
इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा किसी संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चिट्टा कहां से लाया गया, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपित के संपर्कों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच कर रही है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वर्ष 2026 की इस सबसे बड़ी चिट्टा बरामदगी को शिमला पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच का केंद्र इस खेप के पीछे सक्रिय पूरे तस्करी गिरोह तक पहुंचना है।