शिमला में भारी बारिश के कारण रिज मैदान का हिस्सा धंसा, प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही रोकी
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण धंस गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। ...और पढ़ें
HighLights
शिमला के रिज मैदान का एक हिस्सा धंस गया।
भारी बारिश के कारण लोगों की आवाजाही रोकी गई।
प्रशासन ने आगामी तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण जगह-जगह नुकसान की खबरें आ रही हैं। शिमला शहर के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थित रेलिंग (डंगे) का एक हिस्सा अचानक धंसकर बाहर निकल आया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय बारिश के कारण रिज पर लोगों की आवाजाही बेहद कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन रिज मैदान का हिस्सा धंसने से लोग दहशत में आ गए।

लोगों की आवाजाही रोकी
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। आम दिनों में यहां पर सैकड़ों पर्यटक घूम रहे होते हैं, ऐसे में कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में भूस्खलन और धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

लोगों के लिए अलर्ट
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। हिमाचल प्रदेश में आगामी तीन दिन तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।