शिमला में 19 रैपिड रिस्पांस राइडर होंगे तैनात, सेक्टर में बांटा गया शहर; संवेदनशील क्षेत्र किए चिह्नित
शिमला में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पुलिस ने 19 रैपिड रिस्पांस राइडर तैनात किए हैं। ये राइडर शहर के सर्कुलर रोड और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में याताय ...और पढ़ें

शिमला में रैपिड रिस्पांस राइडर की तैनाती की गई है। जागरण
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पुलिस ने शहर में 19 रैपिड रिस्पांस राइडर की तैनाती की है। यह रैपिड रिस्पांस राइडर शहर में ट्रैफिक का जिम्मा संभालेंगे। शिमला के सर्कुलर रोड पर यह रैपिड रिस्पांस राइडर तैनात रहेंगे। इससे पहले संख्या केवल सात थी। इसे अब बढ़ाकर अब 19 कर दिया गया है, ताकि यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सके।
पुलिस के अनुसार शिमला की भौगोलिक स्थिति, संकरी सड़कें और लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या को देखते हुए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग को बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
मोटरसाइकिल राइडर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और जाम की स्थिति में तेजी से मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित कर सकते हैं। यही कारण है कि इनकी संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।
सेक्टर में बांटा गया शहर
शहर को बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। इसके तहत सर्कुलर रोड (कार्ट रोड), संजौली, छोटा शिमला, पंथाघाटी, विकासनगर, कुसुम्पटी, तारा देवी, लक्कड़ बाजार, विक्ट्री टनल सहित अन्य संवेदनशील और अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीमें तैनात की गई हैं। इन क्षेत्रों में अक्सर यातायात का दबाव अधिक रहता है और जाम की स्थिति भी बनती रहती है। ऐसे में ये रैपिड रिस्पांस राइडर मौके पर तुरंत पहुंचकर स्थिति को संभालेंगे।
ये है मुख्य उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन विशेष मोटरसाइकिल इकाइयों का मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक जाम को जल्द खत्म करना, सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर नियंत्रण रखना और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम बनाना है।
संकरी सड़क पर तुरंत पहुंचेंगे जवान
डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर कायथ का कहना है कि किसी वाहन में तकनीकी खराबी आ जाती है या कोई स्थानीय व्यक्ति अथवा पर्यटक रास्ते में किसी समस्या का सामना करता है तो ये टीमें तुरंत मदद भी उपलब्ध करवाएंगी। पुलिस का कहना है कि शिमला जैसे पहाड़ी शहर में कई स्थान ऐसे हैं, जहां बड़ी गाड़ियों या पुलिस वाहनों का तुरंत पहुंचना मुश्किल होता है।
ऐसे में मोटरसाइकिल राइडर संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी आसानी से पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर सकते हैं।
पुलिस की पर्यटकों व स्थानीय लोगों से अपील
जिला पुलिस शिमला ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखना संभव हो पाएगा।