शिमला में भारी बारिश के बाद ठंडक का अहसास, रिज पर गर्म कपड़े पहनकर निकले टूरिस्ट; धुंध से ट्रैफिक प्रभावित
शिमला में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली, दोपहर में हुई एक घंटे की बारिश से गर्मी से राहत ...और पढ़ें

शिमला में शनिवार काे भारी बारिश के बाद रिज पर घूमते पर्यटक। जागरण
HighLights
शिमला में अचानक मौसम बदला, दोपहर में हुई भारी वर्षा।
तापमान में गिरावट से गर्मी से मिली लोगों को राहत।
बारिश के बाद शहर में घना कोहरा छाया, यातायात प्रभावित।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद करीब एक घंटे तक हुई वर्षा से मौसम सुहावना हो गया। वर्षा के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और वातावरण में ठंडक घुल गई। वहीं, बारिश थमने के बाद शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों ने धुंध की चादर ओढ़ ली। रिज मैदान पर पर्यटक गर्म कपड़े पहनकर घूमते दिखे।
सुबह से ही शिमला में आसमान बादलों से घिरा रहा। बीच-बीच में धूप के हल्के आसार बने, लेकिन बादलों की मौजूदगी लगातार बनी रही। दोपहर बाद अचानक वर्षा शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई वर्षा के कारण शहर की सड़कों पर पानी बहता नजर आया। कई स्थानों पर लोगों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और अन्य स्थानों पर रुकना पड़ा।
धुंध में ढक गया शहर
बारिश थमने के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई। वर्षा के बाद शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धुंध छाने लगी। देखते ही देखते शहर का बड़ा हिस्सा धुंध की चादर में ढक गया। रिज मैदान, मॉल रोड और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का अलग ही नजारा देखने को मिला। धुंध के कारण दूर के पहाड़ और भवन भी स्पष्ट नजर नहीं आ रहे थे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बदले मौसम का आनंद लिया।
सड़क पर थमा ट्रैफिक
बारिश के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई। धुंध के चलते दृश्यता कम होने पर वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। हालांकि, वर्षा के दौरान किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं मिली।
मौसम का मिजाज बदला
राजधानी में पिछले कुछ दिनों से दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही थी। ऐसे में शनिवार दोपहर हुई वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के बाद चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने का अहसास करा दिया।
मौसम के इस बदलाव से शिमला में आने वाले पर्यटकों को भी पहाड़ी मौसम का आनंद लेने का अवसर मिला। शाम तक शहर में बादलों और धुंध का दौर बना रहा, जिससे तापमान में और गिरावट महसूस की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।