Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुंदर सिंह ठाकुर बनेंगे मंत्री! सुक्खू कैबिनेट में मिल सकती है जगह; हिमाचल के सियासी गलियारों में अटकलें तेज

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 08:30 PM (IST)

    मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बयान के बाद कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के जल्द मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। ...और पढ़ें

    सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने के संकेत, सियासी गलियारों में अटकलें तेज।

    सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने के संकेत, सियासी गलियारों में अटकलें तेज।

    HighLights

    1. सीएम सुक्खू ने सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने का संकेत दिया

    2. हिमाचल मंत्रिमंडल में एक मंत्री पद अभी भी रिक्त है

    3. मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है

    राज्य ब्यूरो, शिमला। कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के जल्द प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिए गए बयान ने इन अटकलों को नई हवा दे दी है।

    कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से सुंदर सिंह ठाकुर की ओर इशारा करते हुए कहा कि 'ये जल्द मंत्री बनने वाले हैं।' मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

    दिलचस्प बात यह रही कि जिस समय मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी की, उस दौरान मंच पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद थे। ऐसे में इसे महज राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार का संकेत माना जा रहा है।

    प्रदेश मंत्रिमंडल में वर्तमान में एक मंत्री का पद रिक्त है। मुख्यमंत्री पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। हालांकि उस समय उन्होंने किसी संभावित नाम का उल्लेख नहीं किया था, लेकिन अब सुंदर सिंह ठाकुर के संबंध में दिए गए बयान ने राजनीतिक अटकलों को और मजबूत कर दिया है।

    खबरें और भी

    यदि निकट भविष्य में मंत्रिमंडल का विस्तार होता है तो विधानसभा के आगामी मानसून सत्र के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष के रिक्त पद को भी भरे जाने की संभावना है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद विनय कुमार के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के कारण यह पद खाली है। इसके साथ ही मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

    प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। अब जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का लगभग सवा वर्ष ही शेष बचा है, ऐसे में माना जा रहा है कि सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर होने वाले संभावित बदलाव आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को ध्यान में रखकर किए जा सकते हैं।