हिमाचल में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत, IGMC शिमला में उपचाराधीन था मरीज; स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी
हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत दर्ज की गई है, जहां शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में बिलासपुर के 64 वर्षीय मरीज रामाशीष राम का निधन हो गया।

हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से एक और मौत हो गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिमला के आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत।
बिलासपुर के 64 वर्षीय मरीज रामाशीष राम का निधन।
मृत्यु का कारण गंभीर फेफड़ों की बीमारियां भी थीं।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत हो गई है। आईजीएमसी अस्पताल शिमला में स्वाइन फ्लू से संक्रमित 64 वर्षीय मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामाशीष राम निवासी साईं डोभा डाकघर बिलासपुर सदर के रूप में हुई है। मरीज को 13 अगस्त को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उपचार के दौरान 29 अगस्त को मरीज की स्वाइन फ्लू जांच पॉजिटिव पाई गई।
मरीज की स्थिति पहले से ही गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकीय विवरण के मुताबिक वह इंटरस्टिशियल लंग डिजीज और लोअर लोब निमोनिया जैसी गंभीर श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। इसके अलावा मरीज में अन्य स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं भी दर्ज थीं।
चिकित्सकों की ओर से मरीज का उपचार किया जा रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। रविवार सुबह करीब 6:46 बजे उपचार के दौरान मरीज की मौत हो गई।
स्वाइन फ्लू ही नहीं अन्य जटिलताएं भी मृत्यु का कारण
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीज पहले से गंभीर फेफड़ों की बीमारी और निमोनिया सहित कई स्वास्थ्य जटिलताओं से ग्रसित थे। ऐसे में उनकी मृत्यु को केवल स्वाइन फ्लू संक्रमण से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनकी पूर्ववर्ती गंभीर बीमारियां और उपचार के दौरान उत्पन्न जटिलताएं भी मृत्यु के महत्वपूर्ण कारण रहे हैं।
स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर सावधानी की सलाह
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से स्वाइन फ्लू और इन्फ्लुएंजा के लक्षणों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। बुजुर्गों और पहले से फेफड़ों अथवा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी रखने, खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, परिवार आइसोलेट; पड़ोसी भी निगरानी में
