Year Ender 2025: हिमाचल की 3 शादियों की शहनाई पूरे देश में दी सुनाई, दो भाइयों की एक दुल्हन... इंटरनेट पर खूब छाई
Year Ender 2025, वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश में तीन शादियां चर्चा में रहीं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बेटी और कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य स ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में साल 2025 में तीन शादियों की खूब चर्चा हुई।
HighLights
उप मुख्यमंत्री की बेटी की शादी में उमड़ी भीड़
कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी
दो भाइयों ने एक ही लड़की से की शादी
अनिल ठाकुर, शिमला। वर्ष 2025 समाप्त हो रहा है और 2026 का आगमन होने जा रहा है। प्राकृतिक आपदा व राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हिमाचल प्रदेश में तीन शादियों की शहनाई खूब गूंजी। इंटरनेट मीडिया पर तो इन शादियों की धमक दिखाई दी, आम लोगों में भी इसको लेकर खूब चर्चा हुई।
इनमें उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बेटी डा. आस्था अग्निहोत्री की शादी हो या सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी। इनसे ज्यादा चर्चा में सिरमौर जिला के गिरीपार क्षेत्र की शादी की धूम सुनाई दी। शादियों में सभी अपने नाते रिश्तेदारों को बुलाते हैं। लेकिन इन शादियों की शहनाई इंटरनेट मीडिया पर ज्यादा सुनाई दी।
दो भाइयों ने निभाई जोड़ीदार प्रथा
राज परिवार, राजनीतिक परिवार से हटकर सबसे ज्यादा चर्चित सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र में दो भाइयों की शादी हुई। दो सगे भाइयों ने एक ही लड़की से शादी की, इसलिए यह ज्यादा चर्चा में रही। करीब डेढ़ से दो महीने तक इंटरनेट मीडिया पर इस शादी को लेकर खबरें आती रही। प्रदीप नेगी व उनके भाई कपिल नेगी ने एक ही लड़की से शादी की थी। वर व वधु दोनों के परिवारों की सहमति व रजामंदी से यह शादी हुई।

सिरमौर के दो भाई अपनी दुल्हन के साथ।
दो से तीन भाइयों की एक पत्नी के पीछे क्या है वजह
यह प्रथा काफी समय से चली आ रही है। सिरमौर का गिरीपार क्षेत्र एक समय तक काफी दुर्गम और पिछड़ा हुआ क्षेत्र था। यहां के लोगों की सोच बड़ी थी। बहु पत्नी तथा बहुपति रखने के पीछे यहां के लोगों की सोच थी कि अगर दो या तीन भाई एक महिला से शादी करते हैं, तो एक उनका भाईचारा बना रहेगा, दूसरा उनकी जो पैतृक संपत्ति है, उसका भी बंटवारा नहीं होगा। तीसरा जो एक महिला से दो या तीन भाइयों की संतान होंगी, वह अपने को सगे ही समझेंगे।
पांडवों से भी जोड़ते हैं खुद को
ये लोग खुद को पांडवों से भी जोड़ते हैं। पांच पांडव भाइयों की भी एक पत्नी थी। ये लोग भी ऐसा कर सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हैं। इस मामले ने देश और दुनिया की मीडिया का ध्यान खींचा।
खबरें और भी

हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह पत्नी अमरीन कौर के साथ। जागरण आर्काइव
विक्रमादित्य सिंह ने की सिख रीति रिवाज से शादी
हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दूसरी शादी की। उनकी शादी भी इंटरनेट मीडिया पर खूब छाई रही। विक्रमादित्य सिंह ने खुद ही शादी की तस्वीरें व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किए थे। चंडीगढ़ में डा. अमरीन कौर के साथ शादी के बंधन में बंधे।
विक्रमादित्य सिंह राज परिवार से संबंध रखते हैं, उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारे में सिख रीति रिवाज के अनुसार शादी की रस्में निभाईं। सादगी की शादी में भी राजशाही अंदाज देखा गया। शादी में परिवार के करीबी लोगों के अलावा राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। गुरुद्वारे में शादी की रस्में सादगीपूर्ण तरीके से निभाई गई। बैंड बाजा, शहनाई व डीजे पार्टी जैसा आयोजन नहीं था।

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री दामाद आईएएस सचिन शर्मा व बेटी डॉ. आस्था के साथ। दायें पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव
डिप्टी सीएम की बेटी की शादी का शाही अंदाज, नहीं लिया शगुन
हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की बेटी डा. आस्था अग्निहोत्री की शादी भी इंटरनेट मीडिया पर खूब छाई रही। आस्था मुकेश अग्निहोत्री की इकलौती बेटी हैं, ऐसे में उन्होंने शादी में कोई कसर नहीं छोड़ी। करीब एक महीने तक शादी के कार्यक्रम जिनमें रस्में व अन्य तरह के आयोजन होते रहे। हजारों की तादाद में लोग इस शादी में पहुंचे। मुकेश अग्निहोत्री का राजनीतिक रूतबा भी देखने को मिला। कई नामी हस्तियां चाहे वह राजनीति क्षेत्र से जुड़ी हों या धार्मिक क्षेत्र की, वे इस शादी में पहुंची।
समारोह में पहुंचे लोग आस्था को शगुन देने के लिए काफी आतुर रहे, लेकिन मुकेश ने समारोह में पहुंचे किसी का भी शगुन नहीं लिया। उन्होंने बस इतना ही कहा कि मेरी बेटी को आशीर्वाद दो, भगवान की कृपा से सब कुछ ठीक है।