हिमाचल के किन्नौर में मृत व्यक्ति के नाम पर GST नंबर लेकर फ्रॉड, 231 करोड़ रुपये के फर्जी बिल जारी किए
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में एक व्यक्ति ने मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जी दस्तावेज से जीएसटी नंबर हासिल कर 231 करोड़ रुपये के नकली बिल जारी किए।

हिमाचल के किन्नौर में फर्जी बिल का मामला पकड़ा गया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
231 करोड़ के नकली जीएसटी बिलों का खुलासा।
मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जी जीएसटी नंबर लिया।
41.61 करोड़ का आईजीएसटी फ्रॉड भी सामने आया।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स एनफोर्समेंट विंग साउथ जोन परवाणू की टीम ने 231 करोड़ के नकली गुड्स एवं सर्विसेस इनवॉइस के फ्रॉड का खुलासा किया है। जिला किन्नौर के निचार के रहने वाले अबिनाश कुमार ने मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जी रेंट डीड तथा बिजली बिल का प्रूफ देकर जीएसटी नंबर हासिल किया। उसके बाद जनवरी से जून 2026 तक 231 करोड़ रुपये के नकली गुड्स एंड सर्विसेज इनवॉइस यानी फर्जी बिल जारी कर फ्रॉड किया।
इसके साथ ही 41.61 करोड़ का आईजीएसटी फ्रॉड भी सामने आया है। इसमें दिल्ली, हरियाणा तथा अन्य राज्यों को में 32 करोड़ की खरीदारी दिखाई गई है, जबकि कैश में टैक्स 247 रुपये दिखाया गया है।
तीन असिस्टेंट कमिश्नर की टीम कर रही जांच
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के तीन असिस्टेंट कमिश्नर की टीम मामले में आगामी जांच कर रही है। जैसे ही इंफोर्समेंट विंग ने फ्रॉड पकड़ा, आरोपित का जीएसटी नंबर तुरंत सस्पेंड कर दिया गया। इसके साथ ही कैश लेजर में मौजूद 10 लाख 60 हजार का आईटीसी भी ब्लॉक कर दिया गया है।
बैंक अकाउंट फ्रीज करने के ऑर्डर
साथ ही किन्नौर में उसके बैंक अकाउंट को फ्रीज करने के ऑर्डर भी जारी किए गए हैं। वहीं बैंक प्रबंधन से बैंक अकाउंट खोलने के लिए उपलब्ध करवाए गए डॉक्यूमेंट और केवाईसी डिटेल भी मांगी गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
जीएसटी विंग साउथ जोन परवाणू के ज्वाइंट कमिश्नर जीडी ठाकुर ने बताया कि 231 करोड़ रुपये के फर्जी गुड्स एंड सर्विसेज इनवॉइस का फ्रॉड पकड़ा है, मामले में आगामी जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: नेपाल त्रासदी के बाद केंद्र ने हिमाचल के लिए जारी की गाइडलाइन, जलविद्युत और फोरलेन टनल की सुरक्षा पर फीडबैक मांगा
