हिमाचल पंचायत चुनाव में बड़ी लापरवाही, जिला परिषद से बदल दिए प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स; रिजल्ट रुका
सिरमौर जिले की बनाहा धीनी पंचायत में मतदान दल की लापरवाही से प्रधान-उपप्रधान के मतपेटियां जिला परिषद व बीडीसी के बक्सों से बदल गईं, जिससे चुनाव परिणाम ...और पढ़ें

हिमाचल पंचायत चुनाव के दौरान लापरवाही सामने आई है।
HighLights
मतदान दल की लापरवाही से मतपेटियां बदलीं।
प्रधान-उपप्रधान के बॉक्स जिला परिषद से बदले।
एसडीएम ने सभी बक्सों को सील किया, परिणाम रुका।
जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की बनाहा धीनी पंचायत में पोलिंग पार्टी के अधिकारियों की लापरवाही से प्रधान व उपप्रधान के बॉक्स, जिला परिषद तथा बीडीसी के बॉक्स से बदल गए। इस कारण जब मंगलवार शाम करीब 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक कोई भी चुनाव परिणाम घोषित नहीं हुए, इस पर प्रत्याशियों के समर्थकों ने अधिकारियों से जानना चाहा कि परिणाम क्यों घोषित नहीं किए जा रहे हैं। तब जाकर पोलिंग पार्टी के कर्मचारियों ने अपनी गलती मानने हुए बताया कि गलती से प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स, जिला परिषद तथा बीडीसी के बॉक्स से बदल गए हैं।
बीडीसी तथा जिला परिषद के बॉक्स सराहां स्थित स्ट्रांग रूम में जमा हो चुके थे। उसी में ही प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स भी गलती से जमा हो गए थे। जिला परिषद तथा बीडीसी का बॉक्स बनाहा धीनी पंचायत कार्यालय में पहुंच गया।
लोगों ने की नारेबाजी
इस पर आक्रोशित लोगों ने 10:00 बजे जिला प्रशासन व राज्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। करीब 10:00 बजे तहसीलदार पच्छाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को शांत करने का प्रयास किया पर लोग नहीं माने।
एसडीएम ने सील किए बॉक्स
करीब 11:00 बजे एसडीएम पच्छाद मौके पर पहुंची। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर बनाहा धीनी पंचायत चुनाव के वार्ड सदस्य से लेकर जो भी वहां पर बॉक्स थे, सभी को सील कर दिया और इसकी जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा को दी।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ही घोषित होगा रिजल्ट
इसके बाद जिलाधीश ने सारे प्रकरण की जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी। अब राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद ही बनाहा धीनी पंचायत का चुनाव परिणाम घोषित होगा।
खबरें और भी
क्या कहते हैं एसडीएम
एसडीएम पच्छाद डॉक्टर प्रियंका चंद्रा ने बताया कि रात को उन्हें प्रधान व उपप्रधान के बॉक्स, जिला परिषद व बीडीसी के बॉक्स से बदलने की जानकारी मिली। मौके पर जाकर सभी बॉक्स को सील कर दिया गया है। इसकी जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं राज्य निर्वाचन आयोग को दे दी गई है। आगामी दिशा निर्देश के बाद ही अगली कार्रवाई होगी।