हिमाचल के नौहराधार में दर्दनाक हादसा: छोटा भाई डूबा तो 9 वर्षीय अभिनव भी कूद गया खड्ड में, दोनों की मौत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नौहराधार में एक दुखद हादसे में दो सगे भाई खड्ड में डूब गए। 8 वर्षीय आयान को बचाने के प्रयास में 9 वर्षीय अभिनव भी पानी ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के नौहराधार में दो मासूम भाइयों की डूबकर मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सिरमौर के नौहराधार में दो सगे भाई डूबे।
छोटे भाई को बचाने में बड़े ने जान गंवाई।
प्रशासन ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत दी।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के नौहराधार में एक दुखद हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवामानल में खेल-खेल में दो सगे भाई खड्ड में डूब गए। दोनों मासूम भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवामानल गांव निवासी 8 वर्षीय आयान और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव वीरवार दोपहर खड्ड किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय अचानक आयान का पांव फिसल गया और वह खड्ड के गहरे पानी में जा गिरा।
छोटे को डूबता देख कूद गया बड़ा भाई
छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई अभिनव बिना कुछ सोचे-समझे उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। खड्ड में पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और पानी में डूब गए।
चीख सुनकर दौड़े लोग, पर नहीं बच पाई जान
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पिता ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों अचेत हो चुके थे। इसके बाद तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों बच्चों को नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के सदस्य बेसुध
अस्पताल में यह खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। हादसे की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
खबरें और भी
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी संगड़ाह का कार्यभार देख रहे डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी की ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। राजगढ़ सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिए जाएंगे।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
उधर एसडीएम संगड़ाह सुनील कुमार कैंथ ने बताया कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की जाएगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: आपदा के बाद कैसा प्रबंधन? सूखे पेड़ लील रहे जिंदगियां पर नहीं फिक्र, इस जिले में हुई सबसे ज्यादा मौतें