हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बरेली निवासी कर्मचारी की सर्पदंश से मौत, कंपनी परिसर में हुई घटना
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड के एक कर्मचारी की फैक्ट्री परिसर में सांप के काटने से मौत हो ...और पढ़ें

कालाअंब में कर्मचारी की सर्पदंश से मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कालाअंब फैक्ट्री परिसर में सांप के काटने से मौत।
मृतक बबलू बरेली निवासी, 10 साल से कार्यरत था।
पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में सर्पदंश से एक उद्योग के कर्मी की मौत हो गई। मोगीनंद स्थित वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड में शनिवार को यह हादसा सामने आया। फैक्ट्री परिसर में जहरीले सांप के काटने से एक मजदूर की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय बबलू पुत्र ब्रिज लाल गांव भटपुरा जागीर, डाकघर राठौरा, तहसील व जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
अंबाला रेफर किया, नहीं बची जान
जानकारी के अनुसार सांप के डसने के बाद बबलू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए पहले हरियाणा के नारायणगढ़ ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे अंबाला रेफर कर दिया। अंबाला में उपचार के दौरान बबलू की मौत हो गई। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बबलू लगभग 10 वर्ष से फैक्ट्री में कार्यरत था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बबलू के निधन से उनकी पत्नी ननी देवी सहित दो बेटियां (8 वर्षीय व 2 वर्षीय) व एक बेटे का सहारा छिन गया है। पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है और परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने सांप के डसने से मजदूर की मौत की पुष्टि की है।
यह भी पढ़ें: प्राइड आफ हिल्स योजना में हिमाचल को केंद्र से मिली 2395 करोड़ रुपये की पहली किश्त, कहां खर्च होगा बजट?