हिमाचल के नाहन शहर में निकली भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मुस्लिम व सिख समुदाय के लोगों ने भी किया स्वागत
हिमाचल प्रदेश के नाहन में उत्तर भारत के सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर से 18वीं भव्य रथयात्रा निकाली गई। धार्मिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए मुस्लि ...और पढ़ें

श्रीजगन्नाथ का भव्य रथ व यात्रा में उमड़े हजारों भक्त। जागरण
HighLights
नाहन में 18वीं भव्य जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन।
हजारों श्रद्धालुओं ने यात्रा में उत्साह से भाग लिया।
मुस्लिम और सिख समुदाय ने भी किया स्वागत।
राजन पुंडीर, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के नाहन में रविवार को उत्तर भारत के सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर से 18वीं भव्य रथयात्रा निकली। रविवार सुबह 8:30 बजे बड़ा चौक स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से पालकियों के साथ यात्रा शुरू हुई। सबसे पहले श्री बलराम जी की पालकी चल रही थी, उसके बाद श्री सुभद्रा जी तथा सबसे अंत में श्री जगन्नाथ जी की पालकी थी।
हिंदू आश्रम, दिल्ली गेट व नया बाजार होते हुए शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान पहुंची। यहां से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व बलराम जी तीनों रथ पर आरूढ़ हुए। रथ पर विराजमान होते ही नाहन के विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल, डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा व रथयात्रा मंडल समिति के अध्यक्ष प्रकाश बंसल के साथ पूजा अर्चना व भगवान की आरती कर रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया। रथयात्रा का हिंदू ही नहीं अन्य धर्म के लोगों ने भी स्वागत किया।

मुस्लिमों ने भी किया रथयात्रा का स्वागत
गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा में धार्मिक सौहार्द देखने को मिला। रथयात्रा का विभिन्न स्थानों पर जिला सिरमौर के हिंदू, मुस्लिम व सिख सभी धर्मों के लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया। जिला सिरमौर में धार्मिक सौहार्द रियासत काल से चला आ रहा है। हिंदू, मुस्लिम व सिख यहां सभी के त्योहारों में शामिल होते हैं व उनको त्योहारों की बधाइयां देते हैं।

हजारों श्रद्धालु उमड़े
चौगान मैदान में जिला सिरमौर सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े थे। रथयात्रा चौगान मैदान से होकर माल रोड, गुन्नूघाट, पक्का टैंक, रानीताल, कच्चा टैंक होते हुए श्री रघुनाथ मंदिर पहुंची। जहां पर यात्रा का भव्य स्वागत हुआ।
इसके बाद रथ को वहीं छोड़कर दोबारा से यात्रा पालकी में हुई। पालकी में यात्रा बस स्टैंड की घाटी, छोटा चौक होते हुए वापिस बड़ा चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंची। जहां पर विधि विधान से यात्रा का समापन होता है।

2009 से हो रहा नाहन में विशाल रथयात्रा का आयोजन
उत्तर भारत के सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में रियासत काल से ही शोभा यात्रा का आयोजन किया जाता था। मगर पहले यह आयोजन छोटा होता था। वर्ष 2009 से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल समिति द्वारा इस का विशाल आयोजन किया जा रहा है। रविवार को 18वी. विशाल रथयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
खबरें और भी
शहर में कई जगह हुआ भंडारों का आयोजन
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के लिए नाहन शहर में कई जगहों पर भंडारों का आयोजन किया गया। प्रत्येक दुकानदार ने अपनी दुकान के बाहर हलवा, खीर, मिठाई, शरबत, कढ़ी, राजमाह, चावल व छोले सहित कई तरह के पकवान यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालुओं को वितरित किए। हजारों श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर पानी, शरबत, मीठी लस्सी व जलजीरा आदि की व्यवस्था स्थानीय व्यापारियों व दुकानदारों ने की हुई थी। कुछ स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी भंडारे का आयोजन किया गया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बिंदल व सांसद भी हुए शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल व सांसद सुरेश कश्यप ने रविवार को नाहन शहर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा में भाग लिया। इस पावन अवसर पर राजीव बिंदल ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी नाहन शहर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से निकाली गई।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में भरभराकर दरका पहाड़, भयावह मंजर देख लोगों की निकल गई चीखें; चंबा का सिहुंता-लाहड़ू रोड बंद