विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाहन में हिंसा के बाद वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा का रूट डायवर्ट, ड्रोन से निगरानी; रिजर्व बटालियन होगी तैनात

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 24 Oct 2026 06:39 PM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2026 06:54 PM (IST)

नाहन में हालिया हिंसा के बाद महर्षि वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा का मार्ग बदल दिया गया है। सुरक्षा के लिए ड्रोन निगरानी और रिजर्व बटालियन तैनात की जाएगी।

नाहन में हिंसा के अगले दिन एक साथ वाल्मीकि और सिख समुदाय के लोग।

नाहन में हिंसा के अगले दिन एक साथ वाल्मीकि और सिख समुदाय के लोग।

HighLights

  1. शोभायात्रा का मार्ग हिंसा के बाद बदला गया।

  2. ड्रोन से निगरानी और पुलिस बल तैनात रहेगा।

  3. दोनों समुदायों ने शांति बनाए रखने पर सहमति जताई।

जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में सिरमौर के जिला मुख्यालय नाहन शहर में शुक्रवार दोपहर को हुई हिंसा के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। पथराव की घटना के बाद रविवार को होने वाली महाऋषि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। शोभायात्रा के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा कोई भी अप्रिय घटना न की जाए, इसके लिए पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

दोनों समूहों के लोगों ने जताया खेद

शनिवार को वाल्मीकि समुदाय और मोहल्ला गोबिंदगढ़ के लोगों की अलग-अलग बैठकों का दौर जारी रहा। दोपहर बाद जिला प्रशासन के साथ दोनों समुदाय के प्रमुख लोगों की बैठक भी हुई। जिसमें दोनों समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को हुई अप्रत्याशित घटना पर खेद जताया और भविष्य में मिल-जुल कर रहने पर सहमति बनी।

डीसी के साथ बैठक में मोहल्ला गोबिंदगढ़ के लोगों ने पहले की तरह वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा को उनके मोहल्ले से आने पर निमंत्रण दिया। जिस पर वाल्मीकि मोहल्ले के लोग भी सहमत हो गए थे। लेकिन सामाजिक तत्वों से शोभायात्रा को सुरक्षित रखने के लिए शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शोभायात्रा का रूट डायवर्ट करने के निर्देश डीसी सिरमौर ने जारी किए। 

ये रहेगा रूट

नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा ने बताया कि गत वर्षो से शोभायात्रा का रूट वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर मोहल्ला गोबिंदगढ़, दिल्ली गेट, माल रोड, गुन्नूघाट, बस स्टैंड होते हुए वाल्मीकि मंदिर में शोभायात्रा समाप्त होती थी।  रविवार को आयोजित होने वाली शोभायात्रा वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर बस स्टैंड, गुन्नू घाट, माल रोड होते हुए दिल्ली गेट पहुंचेगी। दिल्ली गेट से शोभायात्रा इसी रूट से वापस होकर वाल्मीकि मंदिर पहुंचेगी। उसके बाद सोमवार को वाल्मीकि जयंती पर भंडारा तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। 

शोभायात्रा पर ड्रोन से नजर 

जिला सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि नाहन शहर में रविवार को वाल्मीकि जयंती पर निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच निकलेगी। शोभायात्रा के दौरान ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

पुलिस की रिजर्व बटालियन रहेगी तैनात

शोभायात्रा के दौरान रिजर्व बटालियन के जवानों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। पुलिस शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहेगी। यदि किसी भी व्यक्ति ने माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नाहन शहर धार्मिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। शुक्रवार को हुई घटना के बाद दोनों समुदाय के लोगों द्वारा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहमति बन गई है। फिर भी वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा के रूट को डायवर्ट करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
-प्रियंका वर्मा, उपायुक्त, सिरमौर।

पथराव की घटना के बाद विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज जांच जारी

शुक्रवार दोपहर को नाहन शहर के वाल्मीकि चौक पर हुए दो समुदाय के बीच पथराव की घटना में शुक्रवार रात को विभिन्न लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  पुलिस टीम वीडियो फुटेज, सीसीटीवी तथा सोशल मीडिया में चल रहे विडियो को जांच कर पथराव करने वाले आरोपितों, वाल्मीकि चौक को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों, पुलिस पर पथराव करने वाले तथा शहर का माहौल खराब करने वाले लोगों की पहचान कर रही है। दोनों समुदाय के लोगों की पहचान का काम किया जा रहा है, जल्द ही मामले में आगामी कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल के नालागढ़ में रिहायशी मकान के बाहर फायरिंग, दो गोलियां गाड़ी में लगीं; आधी रात मची दहशत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।