हिमाचल में चुनाव से पहले सक्रिय हुई चिराग पासवान की पार्टी, LJP से विधायक रहे नेता के बेटे को सौंपी राज्य की कमान
चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपनी सक्रियता बढ़ाई है। पार्टी ने नाहन निवासी नितिन चौहान को हिमाचल प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जिनके पिता भी पूर्व में लोजपा विधायक रहे हैं।

दिल्ली में लोक जनशक्ति पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ नितिन चौहान।
HighLights
चिराग पासवान की लोजपा हिमाचल में सक्रिय हुई।
नाहन के नितिन चौहान प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त।
2027 विधानसभा चुनाव में लोजपा लड़ेगी चुनाव।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने सक्रियता बढ़ाई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सिरमौर के नाहन निवासी नितिन चौहान को हिमाचल प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। नितिन चौहान लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष बनने के बाद रविवार शाम को दिल्ली से नाहन लौट रहे हैं।
जिला सिरमौर के प्रवेश द्वार कालाअंब में कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। उसके बाद रैली निकालते हुए नाहन काली स्थान मंदिर पहुंचेंगे। जहां पर नितिन चौहान कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कल प्राथमिकताएं बताएंगे
सोमवार को नवनियुक्त लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान पत्रकार वार्ता कर अपनी प्राथमिकता मीडिया व लोगों के समक्ष रखेंगे।
पिता बने थे लोजपा से विधायक
नितिन चौहान नाहन के युवा उद्यमी एवं कारोबारी हैं। इनके पिता सदानंद चौहान भी 2003 से 2007 तक हिमाचल में पहली बार लोक जनशक्ति पार्टी से विधायक बने थे।
चुनावी तैयारी में लोजपा
नितिन चौहान के हिमाचल प्रदेश लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष बनने से एक बात तो साफ हो गई थी। आगामी नवंबर 2027 में प्रस्तावित हिमाचल विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी प्रदेश में कई विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ेगी।
नितिन चौहान हो सकते हैं नाहन से प्रत्याशी
इसके साथ ही नितिन चौहान नाहन विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं। नवंबर 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में कांग्रेस व भाजपा के अलावा अब लोक जनशक्ति पार्टी भी चुनावी मैदान में होगी। जिसके चलते नाहन विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बनने शुरू हो गए हैं।
