चार्जिंग स्टेशन तैयार, फिर भी खड़ी हैं ई-बसें, मीटर और पासिंग के फेर में अटका सिरमौर का सफर
सिरमौर जिले में 15 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं, लेकिन यात्रियों को इनके सफर के लिए अभी एक-दो महीने और इंतजार करना होगा। ...और पढ़ें

मीटर और पासिंग के फेर में अटका सिरमौर का सफर (फाइल फोटो)
HighLights
सिरमौर को मिली 15 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रुका।
चार्जिंग स्टेशनों पर बिजली मीटर नहीं लगे, देरी का कारण।
बसों की पासिंग और पंजीकरण में भी लगेगा एक-दो माह।
राजन पुंडीर, नाहन। प्रदेश सरकार व हिमाचल पथ परिवहन निगम मुख्यालय शिमला द्वारा पहले चरण में प्रदेश को मिली 150 इलेक्ट्रिकल बसों में अभी तक 15 बसें सिरमौर जिला को मिल चुकी है। इन इलेक्ट्रिकल बसों में सफर करने के लिए जिला सिरमौर के यात्रियों को अभी एक से दो महीने का इंतजार और करना पड़ेगा।
नाहन तथा पांवटा साहिब में चार्जिंग स्टेशन तो बन कर तैयार हो गए हैं। मगर इन चार्जिंग स्टेशन में बिजली के मीटर अभी तक नहीं लगे हैं। पथ परिवहन निगम के कर्मचारी पिछले 2 महीने से चार्जिंग स्टेशन में बिजली के मीटर लगाने के लिए बिजली बोर्ड के कार्यालय के बार-बार चक्कर काट रहे हैं।
अभी भी बिजली के मीटर लगने में कुछ और समय लग सकता है। वहीं दूसरी तरफ अभी तक इन बसों की प्री डिलीवरी इंस्पेक्शन (पीडीआई) भी नहीं हुई है। उसके बाद इन बसों की मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर द्वारा निरीक्षण के बाद पासिंग की जानी है। फिर इन बसों के सभी दस्तावेज बनाकर उसका पंजीकरण होगा।
उसके बाद इन इलेक्ट्रॉनिक बसों को रूट आबंटित होंगे। इन सभी कार्यों में करीब 1 से 2 महीने का समय लग सकता है। जबकि प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिकल बसों को जुलाई माह के अंत प्रदेश भर में चलने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
खबरें और भी
पहले चरण में पथ परिवहन निगम मुख्यालय शिमला से सिरमौर जिला के लिए 15 इलेक्ट्रिकल बसें स्वीकृत हुई थी, जिसमें से 14 बसें एक सप्ताह पहले व एक बस मंगलवार शाम को नाहन पहुंच चुकी हैं। पहले चरण की सभी 15 बसें से नाहन पहुंच चुकी है।
विदित रहे कि जिला सिरमौर के हिमाचल पथ परिवहन निगम का एक मात्र डिपो नाहन है। नाहन डिपो के पास वर्तमान में 153 बस रूट है, जिन पर 80 बसे चल रही है। करीब 20 बसें वर्कशॉप में मुरम्मत के लिए खड़ी हो चुकी है।
उधर जब इस संदर्भ में हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन डिपो के उपमंडल प्रबंधक रामदयाल से संपर्क किया गया। तो उन्होंने बताया कि अभी चार्जिंग स्टेशन में बिजली मीटर लगने में कुछ और समय लग सकता है। इलेक्ट्रिकल बसों की पासिंग और रजिस्ट्रेशन में भी समय लगेगा।