सिरमौर की रूण नदी में फंसे बुजुर्ग को भारतीय सेना ने किया रेस्क्यू, बचाने गए एक युवक की तबीयत बिगड़ी; PGI रेफर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में रूण नदी के तेज बहाव में फंसे एक बुजुर्ग को सेना के हेलीकॉप्टर ने 5 ...और पढ़ें
HighLights
बुजुर्ग बनारसी दास रूण नदी के तेज बहाव में फंसे।
सेना के हेलीकॉप्टर ने 5 घंटे बाद बुजुर्ग को बचाया।
बचाने गए जलशक्ति कर्मचारी को भी एनडीआरएफ ने निकाला।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में नदी के बीच फंसे बुजुर्ग को 5 घंटे बाद रेस्क्यू किया जा सका। सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से बुजुर्ग को रेस्क्यू किया गया। इससे पहले रस्सी के सहारे बचाने के लिए नदी में गया जलशक्ति विभाग का कर्मचारी फंस गया। अंधेरा होने के कारण हेलीकॉप्टर से बुजुर्ग को ही रेस्क्यू किया जा सका।
जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड की बर्मा पापड़ी पंचायत में रूण नदी के तेज बहाव के बीच बुजुर्ग बनारसी दास 5 घंटें तक फंसे रहे। बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में नदी में उतरा एक अन्य व्यक्ति खुद तेज बहाव के बीच फंस गया था। जिसे एनडीआरएफ और होमगार्ड जवानों ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया।
नरेश कुमार पीजीआई चंडीगढ़ रेफर
नदी के पानी में फंसने से नरेश कुमार की हालत काफी खराब हो गई थी। मंगलवार देर शाम को उसे प्रशासन में नरेश कुमार को मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया था। उसके बाद देर रात उसकी तबीयत खराब होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। स्थानीय निवासी नरेश कुमार ने हौसला दिखाते हुए बुजुर्ग बनारसी दास को बचाने का प्रयास करने की कोशिश की। मगर वह खुद पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बीमार हो गया।
अचानक बढ़ गया था जलस्तर
मंगलवार को नाहन उपमंडल में हुई मूसलाधार बारिश के कारण रूण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान एक बुजुर्ग नदी के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। तेज बहाव के कारण जमीन के रास्ते बुजुर्ग तक पहुंचना बेहद मुश्किल था।
ड्रोन से प्रयास रहा विफल, बुलाई सेना
बचाव दल ने ड्रोन की मदद से भी रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां लगातार चुनौतीपूर्ण बनी रहीं। इसके बाद सेना की मदद ली गई। अंधेरे के बीच आर्मी का रेस्क्यू दल हेलिकॉप्टर के साथ मौके पर पहुंचा और बुजुर्ग को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया। आखिरकार हेलीकॉप्टर की मदद से बुजुर्ग को नदी के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विधायक व पूर्व विधायक ने सीएम से की बात
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फंसे हुए व्यक्ति के लिए हेलीकॉप्टर की सहायता की मांग की। वहीं, नाहन के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने बताया कि उन्होंने व्यक्ति को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को इमरजेंसी में कॉल किया तथा तत्काल सहायत के लिए प्रशासन की मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
एसडीएम सहारनपुर बुजुर्ग को पहुंचाएंगे घर
उधर एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि नदी से बनारसी दास को भारतीय वायु सेना के चौपर ने एयरलिफ्ट कर सहारनपुर सेना अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से बुधवार को बनारसी दास को उपचार के बाद एसडीएम सहारनपुर के सुपुर्द किया जाएगा, जो उन्हें नाहन पहुंचाएंगे। रेस्क्यू अभियान के दौरान डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा और स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
