विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिरमौर में हाईवे पर पलटा पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर, वाहनों की कई किलोमीटर तक लगी कतारें; लीकेज के कारण दहशत

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 22 Sep 2026 01:08 PM (IST)Updated: Tue, 22 Sep 2026 05:41 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पांवटा साहिब-शिलाई गुम्मा नेशनल हाईवे 707 पर तड़के एक पेट्रोल-डीजल टैंकर पलट गया, जिससे सड़क साढ़े 8 घंटे से अधिक समय तक बंद रही।

HighLights

  1. पांवटा साहिब-शिलाई हाईवे 707 पर पेट्रोल-डीजल टैंकर पलटा।

  2. बड़वास में साढ़े 8 घंटे से अधिक समय तक हाईवे रहा बंद।

  3. तेल रिसाव और जाम से लोगों में आक्रोश, प्रदर्शन भी हुआ।

जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-शिलाई गुम्मा नेशनल हाईवे 707 पर तड़के सुबह करीब 3:30 बजे एक पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलट गया। इस कारण बड़वास में दोपहर डेढ़ बजे तक हाईवे पूरी तरह से बंद रहा। दोनों तरफ कई किलोमीटर तक लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। तेल की लीकेज के कारण लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। 

बड़ी मुश्किल से छोटे वाहन थोड़ी सी जगह से निकल पाए। दोपहर तक भी जिला प्रशासन, नेशनल हाईवे नाहन मंडल तथा ऑयल टैंकर मलिक ने रोड बहाल करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। इसके बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया तो प्रशासन हरकत में आया। करीब डेढ़ बजे हाइड्रा मशीन के जरिये कैंटर को सड़क से हटाया गया।

बड़े वाहन जाम में फंसे

शिलाई से सोलन शिमला पांवटा साहिब व नाहन जाने वाले लोग तथा पांवटा साहिब से शिलाई, कफोटा, उत्तराखंड व शिमला को जाने वाले बड़े वाहन, बस, ट्रक सभी साढ़े 8 घंटे जाम में फंसे रहे।

लोगों का प्रदर्शन 

जिला सिरमौर के समाजसेवी नाथूराम चौहान ने बताया कि न प्रशासन सुन रहा है, न नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी सुन रहे हैं। लोग पिछले 8 घंटे से बड़वास में जाम में फंसे हुए हैं। वहीं लोगों ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया, इसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

उधर, एसडीएम शिलाई जसपाल ने बताया कि दोपहर के समय सड़क बहाल करने के लिए क्रेन मौके पर भेज दी गई व कुछ देर में यातायात बहाल हो गया।


यह भी पढ़ें: उल्टी का बहाना बना कोर्ट की पहली मंजिल से कूदकर भागा चिट्टा तस्कर, बिलासपुर पुलिस के छूटे पसीने; नाली में मिला