हिमाचल के लाहुल स्पीति में फटा बादल, तेज बहाव में मुंची नाले का पुल बहा; संपर्क मार्ग बंद होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त
हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति में बादल फटने से मुंची नाला का पुल बह गया, जिससे संपर्क मार्ग बंद हो गया और भारी नुकसान हुआ। कृषि भूमि, फसलें और पशुधन प ...और पढ़ें
-1786468055045_m.webp)
हिमाचल के लाहुल स्पीति में फटा बादल। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, केलंग (लाहुल स्पीति)। बादल फटने से मुंची नाला एवं चपॉर नाला क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। मुंची नाले का पुल पूरी तरह बह गया, जिससे नाले के पार जाने का संपर्क मार्ग बंद हो गया है। तेज बहाव से सिंचाई कूहल, पानी की पाइपलाइन, पेयजल टंकी और सड़क को भी काफी क्षति पहुंची है।
नाले का पानी खेतों की ओर मुड़ने से बड़ी मात्रा में कृषि भूमि एवं खड़ी फसलें तबाह हो गई हैं। पुल और रास्ता बह जाने के कारण नाले के पार ग्रामीणों की गायें एवं अन्य पशुधन फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालना चुनौती बना हुआ है। वहीं, किसानों के बड़े कृषि क्षेत्र नाले के पार होने के कारण फसल को निकालना भी मुश्किल हो गया है।
पेयजल बहाल करने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुंची नाला एवं चपॉर नाला क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए तथा पुल, सड़क, सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए।
साथ ही प्रभावित किसानों और पशुपालकों को उचित राहत एवं मुआवजा प्रदान किया जाए। विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि जल्द ही घटनास्थल का दौरा किया जाएगा और प्रभावितों की हर संभव मदद की जाएगी।