हिमाचल के बद्दी में थार गाड़ी से अवैध हथियार बरामद, पिस्टल, देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस सहित एक गिरफ्तार
सोलन के बद्दी में पुलिस ने एक महिंद्रा थार से अवैध हथियार बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पिस्टल, देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस मि ...और पढ़ें

बद्दी पुलिस ने थार सवार युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। (फोटो एआई से बनाया गया है)
HighLights
बद्दी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
महिंद्रा थार से पिस्टल, देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुए।
आरोपित युवक को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
जागरण संवाददाता, बीबीएन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना नालागढ़ क्षेत्र के गांव भटोली से एक युवक को पिस्टल, देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से बरामद हथियारों और कारतूसों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार 30 जून को स्पेशल सेल-एक्स की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव भटोली में सतीश कुमार निवासी गांव भटोली, डाकघर रेडू, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रिहायशी मकान तथा उसकी महिंद्रा थार एचपी 12 पी 8119 की तलाशी ली।
वाहन की डिग्गी से बरामद किए हथियार
तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम के 9 जिंदा कारतूस तथा 8 एमएम के 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपित इन हथियारों और कारतूसों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना नालागढ़ में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपित को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस खंगाल रही हथियारों के स्रोत
पुलिस अब आरोपित से बरामद अवैध हथियारों के स्रोत, इनके संभावित उपयोग, किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।