Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिम चंडीगढ़ सिटी: हिमाचल सरकार ने 7042 बीघा भूमि के इंतकाल का दिया आदेश; हिमुडा बनाएगी मास्टर प्लान

    By Suneel Kumar Sharma Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 15 Jul 2026 11:08 AM (IST)

    मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की 'हिम चंडीगढ़' परियोजना के लिए सोलन में 7042 बीघा जमीन के इंतकाल के आदेश जारी किए गए हैं। जुलाई तक हिमुडा को भूमि ...और पढ़ें

    हिम चंडीगढ़ शहर बसाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।

    हिम चंडीगढ़ शहर बसाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।

    HighLights

    1. हिम चंडीगढ़ परियोजना के लिए 7042 बीघा भूमि चिह्नित।

    2. जुलाई तक हिमुडा को भूमि हस्तांतरित करने का लक्ष्य।

    3. बीबीएन क्षेत्र के लिए आधुनिक शहर का विकास होगा।

    सुनील शर्मा, सोलन। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की महत्वाकांक्षी 'हिम चंडीगढ़' शहर परियोजना अब कागजों से निकलकर जमीन पर उतरने लगी है। प्रदेश सरकार ने जिला सोलन में इस प्रस्तावित आधुनिक शहर के लिए चिह्नित 7042 बीघा सरकारी जमीन के इंतकाल (म्यूटेशन) के आदेश जारी कर दिए हैं। लक्ष्य है कि जुलाई माह के भीतर यह पूरी प्रक्रिया पूरी कर जमीन हिमाचल प्रदेश हाउसिंग एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) के नाम दर्ज कर दी जाए, ताकि शहर की मास्टर प्लानिंग और डीपीआर तैयार करने का कार्य शुरू किया जा सके। 

    प्रदेश सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) की बढ़ती आबादी, औद्योगिक विकास और आवासीय जरूरतों को देखते हुए प्रस्तावित 'हिम चंडीगढ़' परियोजना को गति दे दी है। यहां एक लाख लोगों को बसाने का प्लान है। 

    हिमुडा के नाम स्थानांतरित होगी भूमि

    सरकार की ओर से जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और हिमुडा को 7042 बीघा सरकारी भूमि के इंतकाल के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को जुलाई माह के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है। जानकारी के अनुसार पहले चरण में चिह्नित सरकारी भूमि को हिमुडा के नाम स्थानांतरित किया जाएगा।

    हिमुडा तैयार करेगा शहर का मास्टर प्लान

    इसके बाद हिमुडा शहर का मास्टर प्लान, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), सड़क नेटवर्क, आवासीय सेक्टर, व्यावसायिक क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे की रूपरेखा तैयार करेगा। 

    परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आगामी चरणों में अतिरिक्त भूमि भी शामिल की जा सकती है। 

    बीबीएन के लिए बनेगा आधुनिक शहर 

    प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ शहर पंजाब और हरियाणा की सीमा के निकट विकसित किया जाएगा। वर्तमान में बीबीएन क्षेत्र में कार्यरत बड़ी संख्या में उद्योगपति, अधिकारी और कर्मचारी आवास के लिए चंडीगढ़ और ट्राइसिटी क्षेत्र पर निर्भर हैं, जिससे उन्हें रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के भीतर ही विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला आधुनिक शहर विकसित करना है, जिससे लोगों को बेहतर आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य शहरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। 

    ग्रीन बेल्ट को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता 

    हालांकि परियोजना को लेकर शीतलपुर पंचायत और आसपास के क्षेत्रों के कुछ स्थानीय लोग लगातार चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि शहर के निर्माण से ग्रीन बेल्ट और पर्यावरण प्रभावित हो सकता है। सरकार पहले स्पष्ट कर चुकी है कि परियोजना मुख्य रूप से सरकारी भूमि पर विकसित की जाएगी, लेकिन स्थानीय लोग क्षेत्र की हरियाली और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की मांग कर रहे हैं। 

    खबरें और भी

    अधिकारियों ने शुरू की प्रक्रिया 

    हिमुडा परवाणू के अधिशाषी अभियंता कौशल शर्मा ने बताया कि सरकार की ओर से 7042 बीघा भूमि के इंतकाल के निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। इस संबंध में आवश्यक राजस्व प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले चरण में चिन्हित भूमि हिमुडा के नाम की जाएगी, जिसके बाद परियोजना की आगामी औपचारिकताओं पर काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि आगे के चरणों में सरकार की योजना के अनुसार परियोजना का विस्तार किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में पत्नी को पहाड़ी से धकेलने का मामला: पति ने क्यों रची थी साजिश? पुलिस पूछताछ में सामने आया सच