हिमाचल की किशनपुरा सब जेल से फिरौती का खेल उजागर, कैदियों से 6 मोबाइल बरामद; सिम देने वाला भी गिरफ्तार
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ की किशनपुरा सब जेल में विचाराधीन कैदी जेल के अंदर से फिरौती मांगने जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए। ...और पढ़ें

HighLights
किशनपुरा सब जेल में कैदियों द्वारा फिरौती का खुलासा।
पुलिस ने जेल से छह मोबाइल फोन बरामद किए।
सिम प्रदाता सहित दो संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार।
सुनील कुमार, नाहन। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में स्थित किशनपुरा सब जेल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां विचाराधीन कैदी जेल के अंदर से ही फिरौती मांगने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैदियों के पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए और इस नेटवर्क से जुड़े एक सिम प्रदाता को भी गिरफ्तार कर लिया।
विदित हो कि पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत आने वाली इस सब जेल में एनडीपीएस, हत्या के प्रयास और फिरौती जैसे गंभीर मामलों में शामिल आरोपितों को न्यायिक हिरासत में रखा गया है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें जेल प्रशासन की ओर से जेल परिसर के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिली थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जेल सुरक्षा स्टाफ के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया, जो पत्थरों की पोटली बनाकर जेल के अंदर बीड़ी, सिगरेट, जर्दा और गांजा फेंकने की कोशिश कर रहे थे। दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जेल के अंदर तलाशी अभियान चला
इसके बाद पुलिस ने जेल के अंदर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें अलग-अलग कैदियों के पास से कुल छह मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुल नौ आरोपी जेल के अंदर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसके जरिए बाहरी दुनिया से संपर्क बनाए रखा जा रहा था और अपने मंसूबों को कामयाब किया जा रहा था।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नालागढ़ के नंगल क्षेत्र में हुई गोलीबारी के आरोपी शुभम ने जेल के अंदर से ही एक कबाड़ कारोबारी को फोन कर फिरौती की मांग की थी। इस संबंध में पांच अप्रैल को किए गए फोन कॉल की जांच के बाद पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर को ट्रेस किया।
एसपी बददी विनोद धीमान ने बताया कि जांच में सामने आया कि यह सिम कार्ड मेजर सिंह के नाम पर पंजीकृत था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेजर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य मोबाइल फोन में उपयोग किए गए सिम कार्ड धारकों की भी पहचान की जा रही है।
खबरें और भी
'जेल में आपराधिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं'
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सब जेल किशनपुरा में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को और सख्त किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जेल के अंदर आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जेल के आसपास पहाड़ी है और जिसका लाभ उठाते हुए पहाड़ी पर जाकर जेल के अंदर इस तरह की चीजों को कुछ उपद्रवी फेंकने का काम कर रहे हैं।