Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल: नगर निगम सोलन को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, आनन-फानन में खाली कराया गया परिसर

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 04:25 PM (IST)

    सोलन नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया, जिसके चलते कार्यालय खाली कराकर पुलिस को सूचना दी गई। ...और पढ़ें

    बम से उडाने की धमकी के बाद परिसर के बाहर खड़े कर्मचारी व अन्य।

    बम से उडाने की धमकी के बाद परिसर के बाहर खड़े कर्मचारी व अन्य।

    HighLights

    1. सोलन नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।

    2. कार्यालय खाली कराया गया, पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर।

    3. जांच जारी, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

    जागरण संवाददाता, सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर स्थित नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को शहर में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद नगर निगम प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा दिया।

    कार्यालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया।

    बम निरोधक दस्ते और अन्य जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं तथा परिसर की गहन तलाशी और हर पहलू से जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई थी और जांच जारी थी।

    नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ई-मेल और मैसेज के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया, जिसने बिना देर किए सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली।

    यह पहला अवसर नहीं है जब हिमाचल प्रदेश में किसी सरकारी संस्थान को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी प्रदेश के कई उपायुक्त कार्यालयों और अन्य सरकारी परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।

    हालांकि, पूर्व में अधिकांश मामलों में जांच के दौरान धमकियां अफवाह या फर्जी पाई गई थीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता बरत रही हैं। शहर के बीचोंबीच स्थित नगर निगम कार्यालय को मिली इस धमकी के कारण आसपास के क्षेत्र में भी कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा।

    खबरें और भी

    पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए ई-मेल और संदेश के स्रोत की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।