हिमाचल में जानलेवा हुए बेसहारा पशु: सोलन में सांड ने ली व्यापारी की जान, बचाने आया बेटा भी घायल; कुल्लू में भी हादसा
हिमाचल में बेसहारा पशु जानलेवा साबित हो रहे हैं, सोलन में एक सांड ने व्यापारी की जान ले ली और बेटे को घायल कर दिया। कुल्लू में भी बेसहारा पशु से बाइक ...और पढ़ें

हिमाचल में सड़कों पर बेसहारा पशु जानलेवा हो गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सोलन में बेसहारा सांड ने व्यापारी की जान ली।
कुल्लू में बेसहारा पशु से टकराकर दो युवकों की मौत।
हिमाचल में बेसहारा पशुओं से बढ़ रही दुर्घटनाएं और मौतें।
जागरण टीम, सोलन/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बेसहारा पशुओं की समस्या हल नहीं हो रही है। बेसहारा पशु जहां जाम व हादसों का कारण बन रहे हैं, वहीं कई लोगों की इनके हमलों में मौत तक हो चुकी है। इसके अलावा कई स्थानों पर तो लोगों ने बेसहारा पशुओं के कारण खेती करना तक छोड़ दी है। सोलन जिले के कुमारहट्टी बाजार में व्यापारी देवेंद्र वोहरा की बेसहारा सांड के हमले से मौत हो गई। पिता को बचाने आए बेटे पर भी सांड ने हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।
देवेंद्र घर के बाहर सीढ़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान सांड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीर ने उनके स्वजन को बताया।
लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
व्यापारी का बेटा भी पिता को बचाते घायल हो गया। दोनों को एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र वोहरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटा उपचाराधीन है।
व्यापार मंडल ने बंद रखा बाजार
दुकानदार नवीन सूद ने बताया कि देवेंद्र वोहरा की करीब 55 वर्ष से कुमारहट्टी बाजार में वोहरा ब्रदर्स के नाम से दुकान है। व्यापार मंडल ने शोक में कुमारहट्टी बाजार बंद रखा। स्थानीय लोगों व व्यापारियों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कुमारहट्टी क्षेत्र में बेसहारा सांड और अन्य पशुओं का आतंक लंबे समय से है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। व्यापार मंडल एवं लोगों ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग उठाई है।
6 माह में दो लोगों की मौत
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. विवेक लांबा के अनुसार जिले में छह माह के दौरान बेसहारा सांड के हमलों में दो लोगों की मौत हो चुकी है। पहली घटना धुंधन के चमाकड़ी पुल के पास हुई थी, जबकि दूसरी घटना बुधवार को कुमारहट्टी में सामने आई। लोगों की मदद से सांड को पकड़कर हांडा-कुंडी गौशाला नालागढ़ भेज दिया है।
कुल्लू में बेसहारा पशु से बाइक टकराने से दो की मौत
उधर, कुल्लू के ढालपुर में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मन्नत सूद और ईशान निवासी जरी तहसील मणिकर्ण जिला कुल्लू के रूप में हुई है। रात करीब दो बजे सड़क पर अचानक आए एक बेसहारा पशु से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान के आंगन में जा गिरी।
खबरें और भी
बिलासपुर जिले में पशुओं के कारण एक की मौत, 12 हुए घायल
बिलासपुर जिले में एक साल में बेसहारा पशुओं के कारण छोटे-बड़े नौ सड़क हादसे हुए हैं। इन हादसों में 12 लोग घायल हुए जबकि एक युवक की मौत हुई है। नवंबर 2025 में बिलासपुर के बामटा पुल पर बैठे पशुओं को बचाते हुए बाइक स्किड हो गई। हादसे में बाइक चालक के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई और उसके पिता घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें: 'हिमाचल में 700 लोगों को सिफारिश पर नौकरी', मंत्री के बयान पर बवाल; भाजपा विधायक बोले- युवाओं से अवसर छीने