हिमाचल के बद्दी में पुलिस से बचने के लिए चिट्टा निगलने वाले युवक की मौत, 9 ग्राम हेरोइन सहित 3 गिरफ्तार
बद्दी में पुलिस नाकाबंदी के दौरान चिट्टा निगलने वाले संदिग्ध युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने 9.02 ग्राम हेरोइन बरामद कर तीन अन्य आरोपियों क ...और पढ़ें
-1786038008711_m.webp)
नाकाबंदी के दौरान पुलिस से बचने के लिए चिट्टा निगलने वाले संदिग्ध की मौत।
HighLights
पुलिस नाकाबंदी में संदिग्ध ने निगला चिट्टा।
उपचार के दौरान बद्दी अस्पताल में हुई मौत।
9.02 ग्राम हेरोइन जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, सोलन। बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम द्वारा बरोटीवाला टोल बैरियर पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस से बचने के प्रयास में कथित तौर पर चिट्टा निगलने वाले एक संदिग्ध युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 9.02 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल-एक्स टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा की ओर से एक कार में हेरोइन की खेप लेकर कुछ लोग बारोटीवाला की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर बरोटीवाला टोल बैरियर के पास नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध कार (एच आर-05एएच-9078) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। पुलिस का आरोप है कि चालक ने नाका तोड़ते हुए वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को टक्कर मारने का प्रयास किया और तेज रफ्तार से बरोटीवाला चौक की ओर भाग निकला। कुछ ही दूरी पर कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंची टीम ने कार का दरवाजा खुलवाया तो चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया था। उसकी तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे तत्काल सिविल अस्पताल बद्दी ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
खबरें और भी
मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की पुत्र सरवण कुमार, निवासी गांव गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। कार में सवार अन्य तीन युवकों की पहचान विक्रम सिंह निवासी बारोटीवाला, गौरव कुमार तथा आशीष मेहता, दोनों निवासी बग्गूवाला, तहसील बद्दी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन, एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी चार पुड़ियां, 20 का अधजला नोट, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन, एक खंजर, एक मिनी मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, दो वीवो स्मार्टफोन, एल्युमिनियम फॉयल के दो रोल तथा नशा पैकिंग एवं सेवन में इस्तेमाल होने वाले फॉयल के कई टुकड़े बरामद किए गए।
इस संबंध में पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता एवं एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।