हिमाचल में टैक्स पर वबाल: पंजाब व हरियाणा सीमा पर वाहनों की लंबी कतारें, परवाणू में की फ्री एंट्री
हिमाचल प्रदेश में नई टोल एंट्री दरों को लेकर पंजाब और हरियाणा से सटी सीमाओं पर तनाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद अधिक शुल्क वसूले जाने स ...और पढ़ें
HighLights
नई एंट्री टैक्स दरों पर पंजाब-हरियाणा सीमा पर तनाव।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद अधिक शुल्क वसूली से आक्रोश।
परवाणू में फ्री एंट्री, अन्य जगह पर्यटन बहिष्कार की धमकी।
जागरण टीम, ऊना/सोलन। हिमाचल प्रदेश में टोल एंट्री की नई दरें लागू होते ही पंजाब और हरियाणा से लगती सीमाओं पर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बढ़े हुए एंट्री टैक्स को लेकर बुधवार पहली अप्रैल को सीमाओं पर बवाल हो रहा है। सोलन के परवाणू सहित मैहतपुर और बिलासपुर के गड़ामोड़ा में लोगों ने यातायात बंद कर दिया गया। हालांकि परवाणू में सुबह सवा 11 बजे से नए रेट अपडेट न होने तक फ्री एंट्री शुरू कर दी गई है।
परवाणू में फ्री एंट्री होने पर जाम खुल गया है। ऊना के मैहतपुर में भी 12 बजे से जाम खुलवा दिया गया है।
पांवटा साहिब में भी चक्का जाम
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए एंट्री टैक्स के विरोध में पांवटा साहिब तथा बहराल टोल बैरियर पर 3:00 बजे सिरमौर ट्रक आपरेटर यूनियन चक्का जाम करेगी।
सीएम के एलान के बावजूद नहीं हुआ अमल
अन्य जगह लोग बढ़े हुए एंट्री टैक्स के विरोध में सड़क पर बैठे हैं। लोगों में सीएम के एलान के बावजूद ज्यादा टैक्स वसूलने पर आक्रोश है। सीएम ने छोटे वाहनों से 70 रुपये शुल्क ही लेने की बात कही थी, लेकिन विभिन्न टोल बैरियर पर 100 और 170 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
बुधवार सुबह से ही कालका-पिंजौर, मढ़ावाला-बरोटीवाला, बद्दी और नालागढ़ के विभिन्न एंट्री प्वाइंट्स पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
धर्मशाला-चंडीगढ़ हाईवे रहा बंद
हिमाचल पंजाब सीमा क्षेत्र पर मैहतपुर में स्थापित बैरियर पर इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। धर्मशाला-चंडीगढ़ हाईवे 12 बजे तक बंद रहा। ऊना और नंगल से वाया संतोषगढ़ रूट डायवर्ट कर दिया गया था। बाथू बाथड़ी में भी चक्का जाम किया गया।
टूरिज्म सीजन का बायकाट करेंगे
धरने पर बैठे नेताओं का आरोप है कि आने वाले समय में हम इन टोल टैक्स बैरियरों को बंद करवा कर सांस लेंगे। यहां तक कि पंजाब और हरियाणा के लोगों से मिलकर हिमाचल टूरिज्म सीजन का बायकाट करेंगे। यहां न आकर अन्य राज्यों में जाने की अपील करेंगे।
खबरें और भी
सीएम की घोषणा के बावजूद लिया जा रहा ज्यादा शुल्क
हालांकि राज्य सरकार मुख्यमंत्री ने बीते मंगलवार को हिमाचल प्रदेश एंट्री नाकों पर पुराने शुल्क अनुसार ही वाहनों की एंट्री जारी रखने की घोषणा की थी, बावजूद इसके मध्य रात्रि बाद शुरू बुधवार से यहां पहुंचने वाले वाहन चालकों से 70 की बजाय 100 रुपये शुल्क वसूलना शुरू कर दिया। इससे विरोध की चिंगारी और भड़क गई।
इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा ने धर्मशाला चंडीगढ़ मार्ग स्थित मैहतपुर बैरियर पर धरना देकर सुक्खू सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के निर्णय को हिमाचल और पंजाब के लोगों के साथ धोखा बताया।
कालका पिंजौर हाईवे पर लंबा जाम
हरियाणा के कालका-पिंजौर की ओर से हिमाचल में प्रवेश करने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, वहीं मढ़ावाला के पास बरोटीवाला एंट्री प्वाइंट पर भी सुबह से जाम की स्थिति बनी रही। बद्दी के निकट हरियाणा की तरफ से आने वाले वाहनों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।
बघेरी टोल एंट्री प्वाइंट पर हालात बद्तर
नालागढ़ के बघेरी टोल एंट्री प्वाइंट पर हालात और भी गंभीर बताए जा रहे हैं, जहां वाहनों की कतारें 5 से 6 किलोमीटर तक पहुंच गई हैं। वहीं पंजाब के गड़ामोड़ा क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक टोल एंट्री को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जाता, तब तक उनका चक्का जाम जारी रहेगा। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में सरकार के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है।
पुलिस तैनात
स्थिति को देखते हुए कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में एंट्री टैक्स पर CM सुक्खू का बड़ा एलान, छोटी गाड़ियों का लगेगा पुराना शुल्क, भारी वाहनों के लिए नई दरें