'हिमाचल सरकार हर बार वादा कर मुकर रही', पेंशनरों में भड़का आक्रोश; पेंडिंग मांगों पर दे दी बड़ी चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। हिम आंचल पेंशनर्स संघ, अंब इकाई ने चिकित्सा बिलों के भुगतान, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तो ...और पढ़ें

जिला ऊना के अंब में पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य बैठक के दौरान। जागरण
HighLights
चिकित्सा बिलों और महंगाई भत्ते के भुगतान में देरी।
सरकार पर वादे से मुकरने का आरोप लगाया गया।
मांगें न मानने पर संयुक्त संघर्ष की चेतावनी।
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों में सरकार के विरुद्ध भारी आक्रोश है। पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया। हिम आंचल पेंशनर्स संघ इकाई अंब की मासिक बैठक शनिवार को देवी मंदिर के परिसर में हुई। संघ के प्रधान कैलाश चंद की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से चिकित्सा बिलों के भुगतान और महंगाई भत्ते की किस्तों में हो रही देरी का मुद्दा उठाया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग में पेंशनरों के लाखों रुपये के मेडिकल बिल लंबे समय से लंबित पड़े हैं। सरकार बजट की कमी का बहाना बनाकर भुगतान में देरी कर रही है, जो कि न्यायसंगत नहीं है। कहा कि कई पेंशनर तो अपने बिलों के भुगतान का इंतजार करते-करते इस दुनिया से ही विदा हो गए, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिल सका।
महंगाई भत्ता अब तक बकाया
संघ के महासचिव देव राज शांडिल ने बताया कि जुलाई 2023 से जनवरी 2026 तक की 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्तें अभी तक बकाया हैं। इसके साथ ही 46 माह का एरियर भी लंबित है।
सरकार वादा कर मुकर रही
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह बार-बार वादा करके मुकर रही है। संघ ने मांग की कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और कम्यूटेशन राशि का 40 प्रतिशत भुगतान अप्रैल माह के अंत तक सुनिश्चित किया जाए।
...तो संयुक्त रूप से संघर्ष होगा
संघ के प्रधान कैलाश चंद ने सरकार के ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते पेंशनरों के आर्थिक लाभों का भुगतान नहीं किया गया तो आने वाले समय में अन्य संगठनों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से संघर्ष छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशनर माननीयों का घेराव करेंगे और धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।
खबरें और भी
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जगदीश राम, रोशन लाल शर्मा, योग राज धीमान, तरसेम चंद, ईश्वर दास वस्सी, दौलत खान, रामजी दास जस्सल, कर्म चंद, इस्माइल दीन, नरेश कुमार, राजपाल, बलदेव ठाकुर, राम जी दास वस्सी, सतीश कुमार, राम रतन शर्मा और बलवंत सिंह सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।