ऊना में जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आई महिला, 100 मीटर तक बिखर गए चीथड़े
ऊना के पंजोआ कलां में रविवार तड़के जन शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला ट्रेन से करीब 100 मीटर तक घि ...और पढ़ें

ऊना में जनशताब्दी ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। शव को एकत्र कर ले जाते लोग व पुलिस। जागरण
HighLights
ऊना में जन शताब्दी एक्सप्रेस से महिला की मौत।
पंजोआ कलां में 60 वर्षीय महिला हादसे का शिकार।
पुलिस कर रही शिनाख्त, मानसिक स्थिति का अंदेशा।
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। ऊना के पंजोआ कलां में रविवार तड़के 60 वर्षीय महिला जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 4.30 बजे जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई।
पंजोआ कलां के पास रेलवे ट्रैक के साथ पैदल चल रही एक महिला अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शरीर पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया और वह ट्रेन के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। सौ मीटर तक चीथड़े बिखर गए।
महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस चौकी ऊना से मुख्य आरक्षी मोहिंद्र पाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शिनाख्त के लिए स्थानीय पंचायत प्रधान बलविंदर सिंह बिल्ला को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो पाई और न ही वह उस क्षेत्र की निवासी निकली।
महिला के पास से कोई भी ऐसा दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हुआ है। जिससे उसके पते या नाम की पुष्टि हो सके।
आखिर कैसे ट्रैक पर पहुंच गई महिला
प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस यह अंदेशा जता रही है कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त रही होगी और भटकते हुए ट्रैक के किनारे अंब-अंदौरा से पंजोआ कलां तक पहुंच गई और जहां पंजोआ कलां में ट्रेन की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या कहना है पुलिस का
मुख्य आरक्षी मोहिंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान के प्रयास जारी हैं और आसपास के थानों को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।