भारी बारिश से ऊना में टला बड़ा हादसा, तेज बहाव में बही स्विफ्ट कार; दो युवकों की बाल-बाल बची जान
ऊना में पंडोगा-गगरेट मार्ग पर एक स्विफ्ट कार तेज बहाव की चपेट में आ गई, जिसमें सवार दो युवक बाल-बाल बचे। ...और पढ़ें
-1785904311718_m.webp)
तेज बहाव में बही स्विफ्ट कार (फोटो: जागरण)
HighLights
पंडोगा-गगरेट मार्ग पर स्विफ्ट कार तेज बहाव में फंसी।
कार में सवार दो युवक सूझबूझ से सुरक्षित निकले।
स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।
जागरण संवाददाता, ऊना। जिला ऊना में बरसात के दौरान उफनती खड्ड और काजवे एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बचे। बुधवार तड़के पंडोगा-गगरेट मार्ग पर एक स्विफ्ट कार तेज बहाव की चपेट में आ गई।
कार में सवार दो युवक बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। दोनों युवक एक निजी मोबाइल कंपनी में कार्यरत बताए जा रहे हैं। इनमें एक कांगड़ा के पालमपुर और दूसरा चंबा के डलहौजी का निवासी है।
जानकारी के अनुसार दोनों कर्मचारी तड़के मोबाइल टावर का कनेक्शन ठीक करने के लिए पंडोगा-गगरेट मार्ग से गुजर रहे थे, देर रात हुई मूसलधार बारिश के कारण स्थानीय खड्ड में पानी का स्तर काफी बढ़ चुका था।
अंधेरा होने के कारण पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा
अंधेरा होने के कारण चालक पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका और स्विफ्ट कार को काजवे पर आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान तेज धारा ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार बहकर खड्ड की ओर जाने लगी।
कार में सवार दोनों युवकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह अपनी जान बचाने का प्रयास किया। सौभाग्य से बहाव के साथ कुछ दूरी तक जाने के बाद कार रेत में फंसकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद युवकों ने राहगीरों को घटना की सूचना दी। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर मंगवाया गया और काफी मशक्कत के बाद कार को टो करके बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि वाहन को काफी क्षति पहुंची है।
खबरें और भी
पहले भी हो चुके हैं हादसे
जिला ऊना में बरसात के मौसम में काजवे लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। कुछ दिन पहले अंब उपमंडल के टकारला क्षेत्र तथा इससे पहले गगरेट उपमंडल में भी वाहन तेज बहाव में फंस चुके हैं।
वहीं स्वां नदी के नंदपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहन भी उफनते पानी में फंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों से बारिश के दौरान उफनते नालों, खड्डों और काजवों को पार न करने की अपील कर रहा है।