विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल की ऊना जेल में बंद बेटे को सफेद पाउडर और गोलियां पहुंचाते पकड़ा पंजाब निवासी पिता, दोनों पर केस दर्ज

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Sun, 16 Aug 2026 02:05 PM (IST)

ऊना की बनगढ़ जेल में मुलाकात के बाद एक विचाराधीन कैदी से संदिग्ध गोलियां और सफेद पाउडर बरामद हुआ। पिता-पुत्र दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

ऊना की बनगढ़ जेल में बेटे को नशा पहुंचाते पिता को पुलिस ने पकड़ा है। प्रतीकात्मक फोटो

ऊना की बनगढ़ जेल में बेटे को नशा पहुंचाते पिता को पुलिस ने पकड़ा है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. ऊना जेल में विचाराधीन कैदी से संदिग्ध सामग्री मिली।

  2. पिता ने मुलाकात के दौरान बेटे को नशीले पदार्थ दिए।

  3. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पिता-पुत्र पर केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, ऊना। हिमाचल प्रदेश में ऊना के बनगढ़ स्थित जिला कारागार में मुलाकात के बाद एक विचाराधीन बंदी से संदिग्ध गोलियां और सफेद पाउडर बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में बंदी और उसके पिता के खिलाफ कारागार अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जिला कारागार बनगढ़ के सहायक अधीक्षक ओंकार सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि 14 अगस्त को करीब पौने चार बजे विचाराधीन बंदी प्रदीप कुमार, निवासी बागली कलां, तहसील समराला, जिला लुधियाना, पंजाब से उसके पिता बलवीर मुलाकात करने पहुंचे थे।

मुलाकात समाप्त होने के बाद मुख्य द्वार पर तैनात गेटकर्मी ने बंदी की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास एक पुड़िया में गोलियां और सफेद पाउडर जैसी संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। 

सीसीटवी फुटेज देखने के बाद कार्रवाई

मामले की पुष्टि के लिए जेल प्रशासन ने मुलाकात के दौरान की सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में कथित तौर पर बंदी के पिता बलवीर द्वारा अपने बेटे को संदिग्ध वस्तु पकड़ाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई। 

पिता-पुत्र दोनों के खिलाफ केस दर्ज

इसके बाद जेल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस थाना मैहतपुर में दोनों आरोपितों के खिलाफ कारागार अधिनियम 1894 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

क्या कहते हैं एसपी ऊना

एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस बरामद सामग्री की प्रकृति और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें: मनाली हाईवे पर रफ्तार का कहर: एक के बाद एक 3 ट्रकों से टकराई हरियाणा के पर्यटकों की कार, एक की मौत व 4 घायल