विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान युद्ध से LPG संकट में PNG बेहतर विकल्प, हिमाचल में कैसे ले सकते हैं कनेक्शन? जानिए पूरा प्रोसेस

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Mon, 23 Mar 2026 03:45 PM (IST)

ईरान युद्ध से संभावित ऊर्जा संकट के बीच, पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) हिमाचल प्रदेश में रसोई गैस का बेहतर विकल्प बन रही है। ऊना जिले में यह सुविधा 23 गा ...और पढ़ें

एलपीजी सिलिंडर संकट के बीच ऊना में दिए जा रहे पीएनजी कनेक्शन। जागरण

एलपीजी सिलिंडर संकट के बीच ऊना में दिए जा रहे पीएनजी कनेक्शन। जागरण

HighLights

  1. पीएनजी एलपीजी से सस्ती और सुरक्षित है।

  2. ऊना में 23 गांवों तक पीएनजी सुविधा उपलब्ध।

  3. कनेक्शन के लिए आसान आवेदन प्रक्रिया अपनाएं।

सुरेश बसन, ऊना। ईरान युद्ध के बाद होर्मुज जलडमरू मध्य बंद होने के बीच बढ़ा उर्जा संकट देशवासियों को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में रसोई गैस एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर असमंजस में चल रहे उपभोक्ताओं के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी लाभप्रद साबित हो सकती है। इसके लिए आसान सी औपचारिकताएं पूर्ण कर गैस सिलिंडरों के झंझट से छुटकारा पाया जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश में अभी ऊना में यह सुविधा मिल रही है, बिलासपुर व हमीरपुर सहित सोलन जिले के बीबीएन यानी बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में भी यह सुविधा शुरू की जा रही है। जिला ऊना में इसकी उपलब्धता करीब 23 गांव व कस्बों तक है और आसानी से इसके कनेक्शन पा सकते हैं।

साथ ही पीएनजी रसोई गैस सिलेंडर से सस्ती भी पड़ रही है। सुविधा को लेने का तरीका बिलकुल सरल है और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की भारत गैस की ओर से ग्राहकों के साथ सहयोग किया जा रहा है। 

कनेक्शन के लिए कैसे करें आवेदन 

  1. पीएनजी कनेक्शन के लिए रक्कड़ कालोनी स्थित कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
  2. कोई भी आवेदक या ग्राहक 94177-50485 के माध्यम से इसकी जानकारी ले सकता है।
  3. पीएनजी से रसोई में निर्बाध आपूर्ति, सुरक्षा और पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प है।
  4. इसका बिल आने पर अदायगी भी कंपनी की ओर से जारी साफ्टवेयर पर कर सकते हैं।

पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए क्या करें

आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड  (बीपीसीएल) द्वारा पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इच्छुक उपभोक्ता नया कनेक्शन लेने के लिए सबसे पहले 94177-50485 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता बीपीसीएल के नजदीकी कार्यालय सीजीडी ऑफिस, रक्कड़ कॉलोनी, फेज-4, ऊना में जाकर अपनी इंक्वायरी दर्ज करवा सकते हैं। कार्यालय में प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंक्वायरी के बाद बीपीसीएल की टीम उपभोक्ता के घर का दौरा करेगी और यह जांच करेगी कि संबंधित स्थान पीएनजी कनेक्शन के लिए उपयुक्त (फेसिबल) है या नहीं। उपयुक्त पाए जाने पर उपभोक्ता का पंजीकरण किया जाएगा।

आवेदन के लिए प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज

पंजीकरण के लिए पहचान प्रमाण (ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड में से कोई एक) तथा निवास प्रमाण (इलेक्ट्रीसिटी बिल, बीएसएनएल बिल, सेल डीड, हाउस टैक्स बिल या राशन कार्ड में से कोई एक) आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, एलपीजी कनेक्शन बुक की प्रति एवं अंडरटेकिंग भी जमा करनी होगी।

ऊना जिले में कितने कनेक्शन

वर्तमान में पीएनजी के जिले में 13272 कनेक्शन हो चुके हैं और इसमें से 6600 उपभोक्ताओं के कनेक्शन सुचारू हैं। बचे हुए कनेक्शन में से 4500 लोग इसे जल्द शुरू करवा रहे हैं। 

पीएनजी कनेक्शन के लिए तीन योजनाएं उपलब्ध

  1. पहली योजना में उपभोक्ता को 6000 रुपये एकमुश्त जमा करने होंगे।
  2. दूसरी योजना में 6100 की राशि किश्तों में अदा की जा सकती है।
  3. तीसरी योजना में सुरक्षा राशि को बिल के साथ छोटे-छोटे भागों में जमा करने की सुविधा दी गई है। सभी योजनाओं में फॉर्म निशुल्क उपलब्ध है।

कनेक्शन की प्रक्रिया

पंजीकरण के उपरांत उपभोक्ता का बीपी नंबर जारी किया जाएगा। इसके बाद बीपीसीएल की टीम द्वारा घर तक पाइपलाइन (एलएमसी) कनेक्शन किया जाएगा तथा सुरक्षा की दृष्टि से पेन्युमेटिक टेस्टिंग की जाएगी। परीक्षण सफल होने पर गैस कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा।

बिलिंग व्यवस्था

कनेक्शन चालू होने के बाद उपभोक्ताओं का बिल प्रत्येक दो महीने (बीआइ-मंथली) में जारी किया जाएगा, जिसे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले जमा करना अनिवार्य होगा। यदि किसी कारणवश दो महीने के बाद भी आपको बिल प्राप्त नहीं होता है, तो आप दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर अपना बिल प्राप्त कर सकते हैं।

पीएनजी के लाभ

पीएनजी गैस 24×7 उपलब्ध रहती है, जिससे बुकिंग या भंडारण की आवश्यकता नहीं होती। यह एक सुरक्षित ईंधन है तथा हवा से हल्की होने के कारण रिसाव की स्थिति में जल्दी वातावरण में मिल जाती है। पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घर तक आपूर्ति होने से यह अत्यंत सुविधाजनक है। साथ ही यह एलपीजी की तुलना में किफायती है और उपयोग के बाद भुगतान की सुविधा प्रदान करती है। पीएनजी गैस पर्यावरण के अनुकूल भी है। सिलिंडर के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा।

एलपीजी से सस्ती पीएनजी

पीएनजी रसोई गैस सिलिंडर से किफायती है। इसकी उपयोगिता को देखें तो अगर एक पांच सदस्यों का परिवार पीएनजी को प्रतिदिन 0.45 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर और माह में 48.5 एससीएम के हिसाब से उपयोग करता है तो उसका मासिक बिल 750 रुपये के आसपास रहेगा। हालांकि बिल ज्यादा या कम होना पीएनजी की उपयोगिता पर भी निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें: HP Cabinet: हिमाचल में चिट्टा तस्कर नहीं लड़ सकेंगे पंचायत चुनाव, कैबिनेट का बड़ा फैसला; विद्या उपासक बनेंगे JBT