पंजाब की महिला ऊना में 3000 लोगों की जमा पूंजी लेकर विदेश फरार, पैसा दोगुना करने के लालच में फंसाया
ऊना के अंब में पंजाब की एक महिला ने 3000 महिलाओं को पोंजी स्कीम के जाल में फंसाकर उनकी लाखों की जमापूंजी हड़प ली और विदेश फरार हो गई। इस धोखाधड़ी में ...और पढ़ें

ऊना में 3000 लोगों को चपत लगाकर महिला फरार हो गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ऊना के अंब में बड़ा पोंजी स्कीम घोटाला सामने आया।
पंजाब की महिला 3000 महिलाओं की जमापूंजी लेकर फरार।
पुलिस ने लोगों को धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी।
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले के अंब में एक बड़े पोंजी स्कीम घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है, जहां पंजाब के दसूहा की एक शातिर महिला ने संगठित ठगी का साम्राज्य चलाकर क्षेत्र की करीब 3000 महिलाओं की जमापूंजी पर हाथ साफ कर दिया। अब आरोपित महिला विदेश भाग गई है। इस सुनियोजित धोखाधड़ी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिड-डे मील वर्कर और वाटर गार्ड शामिल हैं।
हिमाचल में पंजाब से सटे क्षेत्र में फैलाया नेटवर्क
बताया रहा है कि इनमें से कई ने ब्याज पर कर्ज उठाकर इस स्कीम में पैसा लगाया था। दरअसल, पंजाब के तलवाड़ा की सीमा हिमाचल से सटी होने के कारण आरोपितों ने सबसे पहले सीमावर्ती गांवों मरवाड़ी, दौलतपुर, पिरथीपुर, डगोह, भद्रकाली, बनेहड़ा और नकडोह में अपनी रिश्तेदारों और जान पहचान की महिलाओं को निशाना बनाया और फिर देखते ही देखते यह नेटवर्क पूरे क्षेत्र में फैल गया।
मल्टी लेवल मार्केटिंग स्कीम की तैयार
इस ठगी को अंजाम देने के लिए बकायदा एक मल्टी लेवल मार्केटिंग स्कीम तैयार की गई थी, जिसके तहत 100-100 महिलाओं के ग्रुप बनाकर उनसे 15 महीने तक 1,500 से लेकर 5,000 प्रति महीना वसूले जाते थे। लोगों का विश्वास जीतने के लिए हर महीने एक बैठक बुलाई जाती और लकी ड्रॉ के माध्यम से सदस्यों को स्कूटी, सोफा सेट, डाइनिंग टेबल और अलमारी जैसे आकर्षक इनाम बांटे जाते थे।
इनाम देख हो गया अंधा भरोसा
शुरुआत के डेढ़-दो साल तक जब कुछ महिलाओं के सच में इनाम निकले तो लोगों का भरोसा कंपनी पर अंधा हो गया और जैसे ही किसी का इनाम निकलता। शातिर प्रबंधक उसकी किस्त बंद करके उसे किसी दूसरी बड़ी स्कीम में जोड़ देते थे।
खबरें और भी
बंपर वसूली देखकर खोल लिया दफ्तर
इस बंपर वसूली को देखकर प्रबंधकों ने अंब में अपना दफ्तर खोल लिया और स्थानीय होटलों में बड़े पैमाने पर बैठकें शुरू कर दीं। यही नहीं ज्यादा से ज्यादा मेंबर जोड़ने वाले स्थानीय एजेंटों को पदोन्नति और भारी कमीशन भी दिया जाने लगा।
अचानक गायब हुए मुख्य प्रबंधक
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले करीब एक साल से कंपनी के मुख्य प्रबंधक अचानक भूमिगत हो गए और अब पता चला है कि कंपनी की मालकिन सारा पैसा समेटकर देश छोड़ चुकी है। स्थानीय स्तर पर जिन रसूखदार लोगों के कहने और भरोसे पर इन महिलाओं ने अपनी गाढ़ी कमाई दांव पर लगाई थी वे भी कुछ महीनों तक आश्वासन देने के बाद अब भूमिगत हो चुके हैं।
एएसपी ऊना ने जारी की एडवायजरी
ऊना जिला के एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि इस संबंध में फिलहाल पुलिस विभाग के पास अभी लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन उन्होंने जनता को सचेत करते हुए कहा कि जब भी कोई कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य मुनाफे का लालच दे तो साफ है कि वहां धोखाधड़ी हो रही है और लोगों को ऐसे झांसों में आने से बचना चाहिए।