Hockey World Cup 2026: भारतीय टीम सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकती है? आसानी से समझिए पूरा गणित
भारतीय हॉकी टीम विश्व कप सेमीफाइनल की दौड़ में लगभग बाहर है, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाफ बड़ी जीत और इंग्लैंड के हारने से उम्मीदें बरकरार हैं।

भारतीय हॉकी टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, एम्सटेलवीन। नीदरलैंड्स से पिछले मैच में हारने के बाद भारतीय टीम विश्व कप सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर होने की कगार पर है। हालांकि शनिवार को आखिरी पूल मैच में इंग्लैंड की अर्जेंटीना के हाथों हार ने तकनीकी तौर पर रास्ते बंद नहीं किए हैं लेकिन हरमनप्रीत सिंह की टीम को इसके लिए बड़ी जीत के साथ दूसरे मैच का परिणाम भी अनुकूल रहने की दुआ करनी होगी।
विश्व कप के नए प्रारूप के तहत पूल ई और एफ में दूसरे दौर में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी। इंग्लैंड को रियो ओलंपिक 2016 चैंपियन अर्जेंटीना ने 3-1 से हराया, लेकिन पहले दौर में भारत पर मिली जीत के कारण इंग्लैंड के पास तीन अंक हैं।
भारत के पास अब तक कोई अंक नहीं
नीदरलैंड्स छह अंक के साथ अंतिम चार में पहुंच चुका है। अर्जेंटीना के भी कल मिली जीत के बाद तीन अंक हो गए हैं जबकि भारत के पास कोई अंक नहीं है। अब भारत को ना सिर्फ अर्जेंटीना को बड़े अंतर से हराना होगा बल्कि इंग्लैंड के भी बड़े अंतर से हारने की दुआ करनी होगी।
अर्जेंटीना को हराना आसान नहीं होगा जिसने उसे इस साल एफआईएच प्रो लीग में राउरकेला में 8-0 और 4-2 से हराया है। इसके अलावा इंग्लैंड के विरुद्ध भी पिछले मैच में उसने जबर्दस्त प्रदर्शन करके भारत के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। उसके पास रियो ओलंपिक विजेता मटियास रे के रूप में अनुभवी कप्तान है जो 329 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और यह उनका छठा विश्व कप है।
भारत अगर दो गोल से अधिक के अंतर से जीत दर्ज करता है तो ही अर्जेंटीना बाहर हो सकता है क्योंकि ऐसे में उसके गोल अधिक हो जाएंगे। अर्जेंटीना ने अभी तक चार गोल स्कोर किये हैं जबकि भारत के तीन गोल हैं। इसके अलावा भारतीय टीम को नीदरलैंड्स की इंग्लैंड पर बड़ी जीत का भी इंतजार करना होगा। इंग्लैंड के खाते में पांच गोल है लिहाजा भारत को इंग्लैंड से कम से कम चार गोल के अंतर की जरूरत होगी।
अर्जेंटीना को बड़े अंतर से हराना होगा
अगर भारत अर्जेंटीना को 3-1 से हराता है तो उसके नाम छह गोल स्कोर और आठ गोल गंवाने का आंकड़ा होगा। ऐसे में इंग्लैंड अगर 2-0 से हारता है तो उसके पांच गोल होंगे जबकि सात गंवाए हैं। ऐसे में भारत गोल स्कोर की गिनती के आधार पर सेमीफाइनल में चला जाएगा। लेकिन भारत 3-1 से जीतता है और इंग्लैंड 1 -3 से हारता है तो इंग्लैंड के गोल स्कोर छह और गंवाए गोल आठ हो जाएंगे और फिर फील्ड गोलों की गिनती के आधार पर तय किया जाएगा।
भारत ने पिछले मैच में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया था और इंग्लैंड के विरुद्ध एक फील्ड गोल पहले चरण में दागा था। इंग्लैंड ने भारत के विरुद्ध तीनों फील्ड गोल किए थे तो इंग्लैंड आगे निकल जाएगा। भारत के लिए सबसे आसान यही है कि अर्जेंटीना को दो गोल से अधिक के अंतर से हराये और इंग्लैंड कम से कम तीन गोल से हारे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।