Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमरनाथ यात्रा-2026: रुक-रुक होती रही बारिश, शिव भक्तों के जोश और उत्साह के साथ पवित्र गुफा की तरफ बढ़ते रहे कदम

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 09:49 PM (IST)

    बाबा अमरनाथ यात्रा में रुक-रुक कर बारिश और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद शिव भक्तों का उत्साह बरकरार है। पहले चार दिनों में 70 हजार से अधिक श्रद्धालु पव ...और पढ़ें

    बारिश में भी शिव भक्तों के पवित्र गुफा की तरफ बढ़ते रहे कदम। फाइल फोटो

    बारिश में भी शिव भक्तों के पवित्र गुफा की तरफ बढ़ते रहे कदम। फाइल फोटो

    HighLights

    1. बारिश और फिसलन के बावजूद भक्तों का उत्साह बरकरार।

    2. पहले चार दिन में 70 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।

    3. माउंटेन रेस्क्यू टीमें चौबीसों घंटे सेवा में तैनात।

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बढ़ता जा रहा है। आज सोमवार को यात्रा मार्गों व बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा स्थल में रुक रुक कर हल्की बारिश होती रही, इससे रास्ता भी फिसलन वाला हो गया लेकिन जोश के साथ बाबा बर्फानी के जयकारे लगाते हुए शिव भक्तों के कदम बढ़ते ही चले गए।

    यात्रा को लेकर उत्साह का इस बात से पता चलता है कि पहले चार दिन में श्रद्धालुओं की संख्या 70 हजार पार कर गई है। भले ही यात्री निवास भगवती नगर से पहलगाम व बालटाल जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या छह सात हजार के करीब है लेकिन इससे तीन गुणा से अधिक संख्या में श्रद्धालु सीधे ही पहलगाम व बालटाल पहुंच कर यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। वहीं जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर से आज सुबह 5794 श्रद्धालुओं का पांचवां जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ।

    इस जत्थे में 1211 महिलाएं, 21 बच्चे, 599 साधु और 76 साध्वियां शामिल हैं। यात्रियों को दो मार्गों पहलगाम और बालटाल के आधार शिविरों के लिए भेजा गया। इनमें 3490 श्रद्धालु 139 वाहनों में सवार होकर पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुए, जबकि 2304 श्रद्धालु 128 वाहनों के जरिए बालटाल आधार शिविर पहुंचे। श्रद्धालुओं का जत्था दोपहर बाद पहलगाम व बालटाल पहुंच गया।

    अब ये श्रद्धालु पहले से सीधे ही बालटाल व पहलगाम पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ पवित्र गुफा की तरफ रवाना हो जाएंगे। इसी बीच माउंटेन रेस्क्यू टीमों ने चौबीसों घंटे मोर्चा संभाला है। श्रद्धालुओं को मेडिकल और रेस्क्यू सहायता दी जा रही है।

    खबरें और भी

    वार्षिक बाबा अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस की माउंटेन रेस्क्यू टीम चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है। टीमों ने यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर समय पर चिकित्सा सहायता, ऑक्सीजन सपोर्ट और शारीरिक सहयोग प्रदान कर बड़ी संख्या में यात्रियों की मदद की।

    पुलिस के अनुसार आज सोमवार को पिस्सू टॉप, नागाकोटी, जोजीबल, बजरी नाला, अपर जेड-मोड़, रेल पथरी, वाई-जंक्शन, काली माता प्वाइंट और बरारीमार्ग सहित कई संवेदनशील स्थानों पर एमआरटी कर्मी लगातार तैनात रहे। फिसलन भरे रास्तों और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद टीमों ने सांस लेने में तकलीफ, थकान और ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।

    दिनभर हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र (मुंबई), राजस्थान, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर से आए कई श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन थेरेपी दी गई। मौके पर ही प्रशिक्षित एमआरटी कर्मियों ने उपचार कर अनेक यात्रियों की स्थिति सामान्य की, जिसके बाद वे सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा जारी रख सके। इसके अलावा बुजुर्ग श्रद्धालुओं तथा कठिन एवं फिसलन वाले मार्गों से गुजर रहे यात्रियों की भी विशेष सहायता की गई।

    एक विशेष रेस्क्यू अभियान में अनंतनाग निवासी 27 वर्षीय मुजम्मिल अहमद भट, जिन्हें एमजी टॉप के पास सीने में दर्द की शिकायत हुई, को जेकेपी माउंटेन रेस्क्यू टीम ने तत्काल सुरक्षित निकालकर वावबल पहुंचाया। इसके बाद उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि माउंटेन रेस्क्यू टीमें पूरी यात्रा अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता और पेशेवर ढंग से अपनी सेवाएं दे रही हैं।