Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमरनाथ यात्रा ने रचा नया इतिहास, 12 दिन में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 08:02 PM (GMT+05:30)

    बाबा अमरनाथ यात्रा ने मात्र 12 दिनों में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन के साथ एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बाबा अमरनाथ यात्रा ने 12 दिनों में 3 लाख श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड बनाया

    2. उपराज्यपाल ने अधिकारियों, सुरक्षा बलों के अथक प्रयासों की सराहना की

    3. माउंटेन रेस्क्यू टीमों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। श्री बाबा अमरनाथ यात्रा ने नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। यात्रा शुरू होने के मात्र 12 दिनों के भीतर ही पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख के पार पहुंच गई है। यात्रा तीन जुलाई से शुरू हुई थी जो 57 दिन की है और 28 अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

    इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्रा से संबंधित सभी अधिकारियों, सुरक्षा बलों, सेवा- प्रदाताओं और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए उनके समर्पण और अथक प्रयासों की प्रशंसा की। उपराज्यपाल ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा ने केवल 12 दिनों में 3 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर नया इतिहास रच दिया है।

    उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों, सेवा प्रदाताओं और स्वयंसेवकों की निष्ठा, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट समन्वय के कारण बाबा बर्फानी के प्रत्येक श्रद्धालु के लिए यात्रा सुरक्षित, सुगम और यादगार बन सकी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवा प्रदाताओं और स्वयंसेवकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए अपने संदेश का समापन हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ किया।

    वहीं, बाबा अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस की माउंटेन रेस्क्यू टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर चौबीसों घंटे तैनात रहीं। टीमों ने श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सहायता, ऑक्सीजन सपोर्ट और आपातकालीन रेस्क्यू सेवाएं उपलब्ध कराकर यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

    खबरें और भी

    अधिकारियों के अनुसार, सामान्य मौसम के बीच यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। प्रमुख स्थानों पर तैनात माउंटेन रेस्क्यू टीमों ने लगातार यात्रा मार्ग की निगरानी की, कठिनाई में फंसे श्रद्धालुओं की मदद की तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

    यात्रा के दौरान ऊंचाई के कारण सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे कई श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन थेरेपी दी गई। वहीं, कई मेडिकल इमरजेंसी मामलों में पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं को निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाया, जहां उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया।

    पुलिस ने कहा कि माउंटेन रेस्क्यू टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया और समर्पित सेवाएं श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कुशल-क्षेम सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। वहीं यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से आज मंगलवार सुबह 5335 श्रद्धालुओं का 13 वां जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ जो शाम को अपने गंतव्य तक पहुंच गया।