Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू में बैन के बावजूद चोरी-छिपे बिक रहा चाइनीज मांझा, बाइक-स्कूटी वालों पर मंडरा रहा खतरा! पढ़ें बचाव के 7 टिप्स

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:01 PM (IST)

    जम्मू में प्रतिबंध के बावजूद जानलेवा गट्टू डोर की चोरी-छिपे बिक्री जारी है, जो दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। ...और पढ़ें

    जम्मू में जानलेवा गट्टू डोर की बिक्री जारी है। (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू में जानलेवा गट्टू डोर की बिक्री जारी है। (फ़ाइल फ़ोटो)

    HighLights

    1. जम्मू में प्रतिबंधित गट्टू डोर की बिक्री जारी।

    2. दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर दुर्घटना का खतरा।

    3. पुलिस कर रही दुकानों पर लगातार निगरानी, कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, जम्मू : जिला प्रशासन की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद बाजार में जानलेवा गट्टू डोर (चाइनीज मांझा) की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। चोरी-छिपे अधिक कमाई के लालच में कुछ दुकानदार और विक्रेता प्रतिबंधित गट्टू डोर बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं। यह डोर केवल पक्षियों और लोगों के लिए ही खतरनाक नहीं है, बल्कि सड़क पर दोपहिया वाहन चलाने वालों के लिए भी काल बन सकती है।

    तेज गति से चल रहे वाहन चालक के सामने अचानक गट्टू डोर आ जाने से गंभीर हादसा होने का खतरा बना रहता है। गट्टू डोर सामान्य पतंग की डोर की तुलना में बेहद मजबूत और धारदार होती है। सड़क किनारे, बिजली के खंभों, पेड़ों और अन्य स्थानों पर फंसी यह डोर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देती।

    सख्ती के बावजूद चोरी-छिपे बिक्री जारी

    दोपहिया वाहन चालक जब इसकी चपेट में आता है तो गर्दन, चेहरा, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट लग सकती है। कई बार चालक संतुलन खोकर सड़क पर गिर जाता है और पीछे से आ रहे वाहनों की चपेट में आने का भी खतरा रहता है। पुलिस की सख्ती के बावजूद चोरी-छिपे बिक्री जारी है।

    एक डोर कई जिंदगियों के लिए खतरा

    गट्टू डोर का इस्तेमाल करने वाले शायद यह नहीं सोचते कि पतंग उड़ाने के कुछ मिनटों के शौक के कारण सड़क पर किसी की जान खतरे में पड़ सकती है। सड़क पर गिरी या बिजली के तारों में उलझी गट्टू डोर राहगीरों के लिए भी खतरा बन जाती है। दोपहिया वाहन चालक इसकी चपेट में आने पर गंभीर रूप से घायल हो सकता है। अभिभावकों को भी चाहिए कि वे बच्चों को ऐसी डोर से पतंग उड़ाने से रोकें।

    खबरें और भी

    वाहन चलाते समय ऐसे बचें गट्टू डोर से

    1. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के साथ चेहरे व गले को भी सुरक्षित रखें।
    2. बाजार, खुले मैदान और पतंगबाजी वाले क्षेत्रों से गुजरते समय गति धीमी रखें।
    3. आगे सड़क पर कोई डोर दिखाई दे तो अचानक ब्रेक लगाने के बजाय सुरक्षित तरीके से वाहन रोकें।
    4 गर्दन या चेहरे के सामने डोर आने की स्थिति में हाथ से सीधे डोर पकड़ने का प्रयास न करें।
    5. सड़क पर गिरी या बिजली के तारों में उलझी डोर को खुद हटाने के बजाय संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना दें।
    6. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और सड़क पर पूरा ध्यान रखें।
    7. पतंग उड़ाने वालों से सड़क और यातायात मार्गों के आसपास गट्टू डोर का इस्तेमाल न करने की अपील करें।

    पुलिस की नजर, बिक्री करने वालों पर होगी कार्रवाई

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रतिबंधित गट्टू डोर की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमें दुकानों और संदिग्ध स्थानों पर जांच कर रही हैं। जहां भी प्रतिबंधित डोर की बिक्री या भंडारण की सूचना मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। पुलिस का कहना है कि गट्टू डोर लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।