Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ा; मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 07:00 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में 2 से 4 अगस्त तक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ...और पढ़ें

    जम्मू कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो

    जम्मू कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो

    HighLights

    1. जम्मू-कश्मीर में 2-4 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट।

    2. भूस्खलन, अचानक बाढ़ का खतरा, अनावश्यक यात्रा से बचें।

    3. कठुआ में सर्वाधिक 46 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    जागरण संवाददाता, जम्मू। बीच-बीच में वर्षा का सिलसिला जारी है। उसके बावजूद उमस बेहाल कर रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 46 मिमी वर्षा कठुआ में रिकार्ड की गई, जबकि श्रीनगर के शालीमार क्षेत्र में 42 मिमी, शोपियां में 41 व 40 मिमी, अवंतीपोरा में 31 मिमी, रामबन में 30.5 मिमी तथा पुंछ में 27.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

    मौसम विभाग के अनुसार 2 से 4 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान विशेषकर दोपहर, शाम तथा सुबह के समय कुछ जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है।

    वहीं, 5 से 7 अगस्त के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने सलाह जारी करते हुए कहा है कि 2 और 3 अगस्त को जम्मू संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा और अल्प अवधि में अत्यधिक तेज बारिश हो सकती है।

    अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील 

    अगले पांच दिनों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन तथा मलबा गिरने की घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। लोगों, विशेषकर पहाड़ी और नदी-नालों के किनारे रहने वालों तथा यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

    खबरें और भी

    जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहा। हालांकि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में दिन के दौरान सबसे अधिक 10.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि गुलमर्ग और भद्रवाह में 6.0 मिमी तथा बटोत में 0.2 मिमी बारिश हुई। जम्मू, श्रीनगर, काजीगुंड, कुपवाड़ा, कुकरनाग, बनिहाल और कटड़ा में दिनभर वर्षा नहीं हुई।

    भारत मौसम विज्ञान विभाग, आईएमडी के अनुसार जम्मू में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    पहलगाम का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री

    दिन के तापमान के लिहाज से जम्मू सबसे गर्म रहा, जबकि गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से वहां सबसे ठंडा मौसम रहा। पहलगाम का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री, काजीगुंड का 30.5 डिग्री, कटड़ा का 31.0 डिग्री तथा भद्रवाह का 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

    पिछले 24 घंटों में जम्मू में 24.4 मिमी, पहलगाम में 17.2 मिमी, कटड़ा में 8.0 मिमी और कुपवाड़ा में 5.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। श्रीनगर और बनिहाल में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है और आर्द्रता का स्तर भी अपेक्षाकृत अधिक दर्ज किया गया। जिससे उमस का एहसास बना रहा।