Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर के माजिद बने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान! इंग्लैंड के खिलाफ खलेंगे, 5 अगस्त से शुरू होगा मुकाबला

    By Vikas Abrol Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Tue, 28 Jul 2026 12:11 PM (IST)

    भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली मिश्रित दिव्यांगता क्रिकेट श्रृंखला के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है। जम्मू-कश ...और पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर के माजिद मागरे को भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है।

    जम्मू-कश्मीर के माजिद मागरे को भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है

    जागरण संवाददाता, जम्मू. जम्मू-कश्मीर के लिए बड़ी खबर है। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद (DCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच से 19 अगस्त तक इंग्लैंड में खेेली जाने वाली मिश्रित दिव्यांगता क्रिकेट श्रृंखला के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इसमें जम्मू कश्मीर के माजिद मागरे को कप्तान बनाया गया है, जबकि साई आकाश सैवमणि उप-कप्तान होंगे।

    डीसीसीआइ सचिव रवि कांत चौहान ने कहा कि माजिद मगरे की कप्तानी न केवल जम्मू-कश्मीर के लिए बल्कि पूरे दिव्यांग क्रिकेट जगत के लिए गर्व का क्षण है। उनका नेतृत्व इस क्षेत्र के कई महत्वाकांक्षी क्रिकेटरों को अधिक आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित करेगा। डीसीसीआइ के उपाध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि वह पूरी टीम और सहायक स्टाफ को सफल दौरे की शुभकामनाएं देते हैं और आशा करते हैं कि वे अपने प्रदर्शन से कई और दिव्यांग क्रिकेटरों को प्रेरित करेंगे।

    टीम के बारे में जानिए

    भारतीय मिश्रित दिव्यांगता क्रिकेट टीम आगामी इंग्लैंड के खिलाफ मिश्रित दिव्यांगता क्रिकेट श्रृंखला की तैयारियों के तहत नई दिल्ली के द्वारका के पास छावला में तैयारी शिविर में है। इंग्लैंड के खिलाफ भारत की मिश्रित दिव्यांगता क्रिकेट श्रृंखला के लिए सहायक स्टाफ का नेतृत्व राजस्थान रणजी के पूर्व कप्तान रोहित झालानी करेंगे, जिन्हें मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। कोच के रूप में देव दत्त उनकी सहायता करेंगे, जबकि रोहित शर्मा फील्डिंग कोच की भूमिका निभाएंगे। रामस्वरूप सैनी को स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच बनाया गया है, और मयंक पुष्कर फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम के साथ रहेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खिलाड़ी पूरे दौरे के दौरान सर्वश्रेष्ठ शारीरिक स्थिति में रहें।

    जम्मू-कश्मीर के माजिद मागरे संभालेंगे टीम की कमान

    जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व माजिद मागरे (कप्तान), रिजवान अल्ताफ बट्ट और हिलाल अहमद वानी कर रहे हैं। तमिलनाडु में साई आकाश शिवमणि (उप-कप्तान) और सुदरसन एलंगोवन हैं, जबकि हरियाणा का प्रतिनिधित्व कुलदीप सिंह और तरुण द्वारा किया जाता है। कर्नाटक की टीम में राजेश इराप्पा कन्नूर और शिव शंकर गुंटिगनपल्ली सुब्बारायप्पा हैं। शेष खिलाड़ियों में यशवंत नायडू रावुरी (आंध्र प्रदेश), विवेक कुमार (उत्तर प्रदेश), अर्जुन राजेश गवरे (विदर्भ), रवींद्र गोपीनाथ सैंटे (मुंबई), योगेंदर सिंह भदोरिया (मध्य प्रदेश), वृषंत संदीप गुंजल (महाराष्ट्र), और जयेश परमार (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।

    खबरें और भी

    लॉर्ड्स में खेला जाएगा फाइनल मुकाबला

    भारत सात मैचों की आइटी 20 श्रृंखला की शुरुआत 5 और 7 अगस्त को डर्बी के आवरकूप काउंटी ग्राउंड में खेले जाने वाले पहले दो मैचों से करेगा। इसके बाद तीसरा आइटी20 मैच 9 अगस्त को लीसेस्टर के अप्टनस्टील ग्रेस रोड में खेला जाएगा। चौथा मैच 12 अगस्त को होव के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। इसके बाद पांचवां और छठा आइटी20 मैच क्रमशः 15 और 16 अगस्त को अरुंडेल में खेला जाएगा।श्रृंखला का समापन 19 अगस्त को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने वाले सातवें और अंतिम आइटी20 मैच से होगा। सभी मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगे।