Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू शहर वालों खुश हो जाओ, अब इंदिरा चौक में जाम से मिलेगा छुटकारा, नगर निगम ने तैयार किया पूरा प्लान

    By Anchal Singh Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 02:05 PM (IST)

    जम्मू नगर निगम इंदिरा चौक पर 4.57 करोड़ की लागत से चार मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाएगा। यह कॉम्प्लेक्स यातायात समस्या को कम करेगा और शहर के सौंदर्यीक ...और पढ़ें

    जम्मू के इंदिरा चौक पर बनेगा भव्य शॉपिंग कॉम्प्लेक्स। (फाइल फोटो)

    जम्मू के इंदिरा चौक पर बनेगा भव्य शॉपिंग कॉम्प्लेक्स। (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. 4.57 करोड़ की लागत से चार मंजिला कॉम्प्लेक्स।

    2. 127 दुकानें और मल्टी-लेवल पार्किंग की सुविधा।

    3. यातायात जाम कम होगा, शहर का सौंदर्यीकरण बढ़ेगा।

    जागरण संवाददाता, जम्मू: मंदिर के शहर जम्मू को एक आधुनिक और व्यवस्थित रूप देने की दिशा में जम्मू नगर निगम ने एक बड़ी और महत्वाकांक्षी योजना की रूपरेखा तैयार की है। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले इंदिरा चौक स्थित संत गोरा जी मार्ग का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और रेहड़ी-फड़ी चालकों के अनियोजित व्यापार को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से नगर निगम यहां 4.57 करोड़ की लागत से एक भव्य एवं आधुनिक चार मंजिला शापिंग काम्प्लेक्स बनाने जा रहा है।

    प्रस्तावित परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अनुसार इस नए काम्प्लेक्स में व्यापारियों और खरीदारों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। इस काम्प्लेक्स के निर्माण से सड़क चौड़ी और बाधामुक्त होगी, जिससे इंदिरा चौक और आसपास के मार्गों पर यातायात सुगम हो जाएगा। दुकानदारों को एक सुरक्षित, स्थायी और स्वच्छ व्यावसायिक माहौल मिलेगा, जिससे उनके व्यापार में वृद्धि होगी।

    एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं

    ग्राहकों को एक ही छत के नीचे पार्किंग, खरीदारी और स्वच्छता जैसी सभी सुविधाएं मिल सकेंगी। इस परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद इंदिरा चौक क्षेत्र न केवल अधिक आकर्षक दिखाई देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और शहरी विकास को भी एक नई दिशा मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले वर्ष यह काम्पलेक्स बनकर तैयार हो जाएगा।

    127 दुकानों और पार्किंग से लैस होगा काम्प्लेक्स

     -127 अत्याधुनिक दुकानें: स्थानीय व्यापारियों, विशेषकर मार्ग पर व्यवस्थित रूप से कारोबार करने वाले दुकानदारों को बेहतर व्यावसायिक स्थान मिलेगा।

    -मल्टी-लेवल पार्किंग की सुविधा: काम्प्लेक्स के साथ ही वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग का प्रस्ताव रखा गया है। इससे क्षेत्र में आने वाले ग्राहकों को सड़कों पर गाड़ियां खड़ी नहीं करनी पड़ेंगी।
    -आधुनिक जन-सुविधाएं: परिसर में पीने का शुद्ध पानी, सार्वजनिक शौचालय, लिफ्ट, सीसीटीवी निगरानी और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

    खबरें और भी

    जाम से मिलेगी निजात

    इंदिरा चौक जम्मू के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक हैं। वर्तमान में यहां सड़क किनारे अनियोजित व्यावसायिक गतिविधियों और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण रोजाना भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे आम जनता को काफी असुविधा झेलनी पड़ती है। केसी चौक की तरफ तो हर समय वाहनों की भीड़ रहती है। शाम ढलते ही यहां रेहड़ी मार्केट सज जाती है।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    जम्मू नगर निगम एक्सईएन प्रोजेक्ट लोकेश गुप्ता ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर का सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।