जम्मू-कश्मीर में 10 दिनों में 560 एमएम से ज्यादा बारिश, और भी होने के आसार; ऊधमपुर में भारी वर्षा का अलर्ट
ऊधमपुर में पिछले 10 दिनों में 560 मिलीमीटर से अधिक बारिश के बाद मौसम विभाग ने 26 से 31 जुलाई तक फिर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इससे प्रशासन और लोग ...और पढ़ें
-1785090911699_m.webp)
जम्मू-कश्मीर में 10 दिनों में 560 एमएम से ज्यादा बारिश। फाइल फोटो
HighLights
ऊधमपुर में 10 दिनों में 560 मिमी से अधिक बारिश हुई।
मौसम विभाग ने 26 से 31 जुलाई तक और बारिश की संभावना जताई।
भूस्खलन से मार्ग बंद, बिजली-पानी आपूर्ति बाधित हुई।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। पिछले 10 दिनों में 560 मिलीमीटर से अधिक बारिश झेल चुके ऊधमपुर जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत हैं। शनिवार दोपहर से मौसम साफ होने और रविवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने 26 से 31 जुलाई तक दोबारा बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इससे प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार हुई बारिश ने जिले में जनजीवन को प्रभावित किया। भूस्खलन के कारण कई मार्ग बंद हुए, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रभावित रहा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित हुई। वर्तमान में प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क बहाली, मलबा हटाने और आवश्यक सेवाओं को सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 44.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 17 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी। रविवार को जिले में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम साफ होने से राहत कार्यों में भी तेजी आई।
पिछले 10 दिनों में 22 जुलाई सबसे अधिक बारिश वाला दिन रहा, जब 112.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा 19 जुलाई को 101.6 मिलीमीटर और 24 जुलाई को 96.5 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग प्रभावित हुए और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
खबरें और भी
मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 28 से 31 जुलाई के बीच अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा जारी रहने की संभावना है। जम्मू संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा या कम समय में तेज बारिश होने की आशंका भी जताई गई है। लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम व ट्रैफिक संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।