Jammu: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, सुरक्षा को लेकर बनी रणनीति, जनता की सुविधाओं का ख्याल रखने पर जोर
जम्मू में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। ...और पढ़ें
-1785306273062_m.webp)
जम्मू में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए बैठक आयोजित।
HighLights
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित।
सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन पर विशेष रणनीति बनी।
जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू: स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए मंगलवार को डिवीजनल कमिश्नर जम्मू रमेश कुमार और आइजी जम्मू जोन भीम सेन टूटी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में जम्मू संभाग के सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में एमए स्टेडियम जम्मू सहित जिला मुख्यालयों पर होने वाले समारोहों की तैयारियों पर चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच निर्माण, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई और अग्निशमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
समय पर काम पूरा करने के कड़े निर्देश
डिवीजनल कमिश्नर ने सभी विभागों को समय सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
विशेष ट्रैफिक प्लान होगा तैयार
आइजीपी जम्मू भीम सेन टूटी ने बताया कि मुख्य समारोह स्थल और उसके आसपास कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। यातायात की सुचारु व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि आम लोगों, आमंत्रित अतिथियों और प्रतिभागियों को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में शिक्षा एवं सूचना विभाग को स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस और सांस्कृतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी डिप्टी कमिश्नरों से जिला स्तर पर बैठकें कर समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा गया।