जम्मू में सुंजवां मार्ग की बदहाली पर स्थानीय लोगों ने खुद संभाला मोर्चा, जेसीबी से की सड़क की मरम्मत
प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर सुंजवां के स्थानीय लोगों ने अपनी जेब से पैसे इकट्ठे कर जेसीबी से सड़क की मरम्मत कराई। ...और पढ़ें

HighLights
प्रशासन की अनदेखी से सुंजवां मार्ग हुआ बदहाल।
स्थानीय लोगों ने पैसे जुटाकर जेसीबी से की मरम्मत।
बारिश से खराब सड़क पर गड्ढे, कीचड़ से आवाजाही मुश्किल।
जागरण संवाददाता, जम्मू। बारिशों के साथ नाले का रूप लेती जा रही सुंजवां मुख्य सड़क को ठीक करने के लिए आखिर स्थानीय लोगों को ही मोर्चा संभालना पड़ा। प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर लोगों ने अपनी जेब से पैसे इकट्ठे किए और जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क पर मलबा डलवाया, जिसके बाद मार्ग को समतल किया जा सका।
पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी थी कि गाड़ियों की बात तो दूर, लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया था। गड्ढों और कीचड़ के कारण आए दिन हादसे का डर बना हुआ था। बुधवार को लोगों ने स्वयं मौके पर खड़े होकर जेसीबी की मदद से गड्ढे भरे और गाड़ियों की आवाजाही को सुचारू करवाया।
वीआईपी मार्ग फिर भी अनदेखी
यह मार्ग क्षेत्र के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क के किनारे गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल सुंजवां, इंटरनेशनल डेली राइजिंग स्कूल और इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल जैसे बड़े शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं।
इन स्कूलों में नामी गिरामी और बड़े लोगों के बच्चे पढ़ते हैं। इसके अलावा रोजाना कई नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद सड़क की इस बदहाली पर किसी का ध्यान नहीं गया।
फिर बिगड़ सकते हैं हालात
सड़क को अस्थाई रूप से समतल तो कर दिया गया है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही इस सड़क का पक्का निर्माण और ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं कराया, तो अगली बारिश में सड़क की हालत दोबारा पहले जैसी खराब हो जाएगी। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से तुरंत सुंजवां मार्ग की सुध लेने की मांग की है। लोगों ने विधायक विक्रम रंधावा से अपील की कि वे स्वयं क्षेत्र का दौरा करें और स्थिति देखें।
-----अंचल सिंह-----
----6-8-26-------