जम्मू-कश्मीर: पुलिस पोस्ट पर हमले और मारपीट मामले में सात के खिलाफ एक्शन, दो साल बाद दाखिल हुई चार्जशीट
जम्मू पुलिस ने सरवाल पुलिस पोस्ट पर हमले, पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में वीनू खन्ना सहित सात लोगों के खिलाफ ...और पढ़ें

HighLights
सरवाल पुलिस पोस्ट हमले में सात लोगों पर चार्जशीट।
पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी संपत्ति को पहुंचाया नुकसान।
पुलिस हिरासत से एक आरोपी को छुड़ाने का आरोप।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू पुलिस ने वर्ष 2024 में सरवाल पुलिस पोस्ट पर हुए कथित हमले, पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस हिरासत से एक आरोपित को छुड़ाने के मामले में वीनू खन्ना समेत सात लोगों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट बख्शी नगर थाना पुलिस ने न्यायालय में पेश की है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में प्रदीप खन्ना, वीनू खन्ना, राजेश्वर खन्ना, आदित्य खन्ना, पार्थ खन्ना, प्रणव खन्ना और रजनीश कुमार को आरोपित बनाया है। चार्जशीट के अनुसार 4 मई 2024 को सरवाल पुलिस पोस्ट में शिकायत की जांच प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान आरोपितों ने कथित रूप से पुलिस अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन पर हमला किया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने पुलिस पोस्ट के मुख्य द्वार को क्षतिग्रस्त कर अंदर जबरन प्रवेश किया, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा पुलिस हिरासत में मौजूद एक आरोपित को वहां से छुड़ाकर ले गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण, घायल पुलिसकर्मियों की मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों को आधार बनाया गया। जांच पूरी होने के बाद सभी सात आरोपियों के आरोपपत्र दाखिल किया गया है। चार्जशीट में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी सातों आरोपित फिलहाल सक्षम न्यायालय के आदेश पर जमानत पर हैं।