Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्वतंत्रता दिवस से पहले JMC का तोहफा, 5 लाख से रोशन हुआ जम्मू, तिरंगा लाइट्स बनीं नया सेल्फी पॉइंट

    By Anchal Singh Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 04:55 PM (GMT+05:30)

    जम्मू नगर निगम ने स्वतंत्रता दिवस उत्सव के तहत शहर के प्रमुख स्थलों, जैसे तवी पुलों और बिक्रम चौक फ्लाईओवर पर 35 लाख की लागत से तिरंगा वर्टिकल पोल लाइ ...और पढ़ें

    स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू में तिरंगा लाइट्स से रोशन हुए प्रमुख स्थल, बनीं नया आकर्षण।

    स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू में तिरंगा लाइट्स से रोशन हुए प्रमुख स्थल, बनीं नया आकर्षण

    HighLights

    1. जम्मू नगर निगम ने 35 लाख में तिरंगा लाइट्स लगाईं।

    2. तवी पुलों और बिक्रम चौक फ्लाईओवर पर रोशनी की गई।

    3. शहर के सौंदर्यकरण और देशभक्ति को बढ़ावा मिल रहा है।

    जागरण संवाददाता, जम्मू। स्वतंत्रता दिवस उत्सव और शहर के सौंदर्यकरण अभियान के तहत जम्मू नगर निगम ने शहर के प्रमुख स्थलों को राष्ट्ररंग में रंगने की व्यापक परियोजना शुरू की है। निगम द्वारा करीब 35 लाख रुपये की अनुमानित लागत से तवी नदी के प्रमुख पुलों और बिक्रम चौक फ्लाईओवर पर अत्याधुनिक तिरंगा वर्टिकल पोल लाइट्स और एलईडी इल्युमिनेशन सिस्टम लगाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है।

    शाम ढलते ही बिक्रम चौक फ्लाईओवर और तवी पुलों पर जलने वाली यह विशेष तिरंगा लाइटें शहरवासियों और पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गई हैं। हालांकि अभी प्रोजेक्ट पर काम जारी है। स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने नगर निगम के इस कदम की सराहना करते हुए कहा है कि इस नई व्यवस्था से मंदिरों के शहर जम्मू की रात्रिकालीन छटा और भी भव्य नजर आने लगी है।

    परियोजना का विवरण

    • परियोजना के तहत बिक्रम चौक फ्लाईओवर के ठीक बीचोबीच (सेंटर वर्ज) तथा तवी नदी के पुलों के दोनों छोरों पर विशेष रूप से डिजाइन किए गए आक्टागोनल और ट्यूबलर लाइट पोल स्थापित किए गए हैं।
    • पोल पर 100 प्रतिशत ऊर्जा-कुशल आईपी-65 वाटरप्रूफ ग्रेड की तिरंगा एलईडी लाइटें और स्ट्रिप्स लगाई जा रही हैं, जिससे लंबे समय तक कम बिजली की खपत में बेहतरीन रोशनी मिल सके।
    • जम्मू नगर निगम के इलेक्ट्रिक डिवीजन द्वारा इस परियोजना के लिए लगभग 35 लाख का ई-टेंडर जारी किया गया था। इसमें उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और अगले 3 से 5 वर्षों के लिए रखरखाव का प्रावधान भी शामिल है।
    • लाइटों के संचालन के लिए आटोमैटिक टाइमर-बेस्ड कंट्रोल पैनल लगाए गए हैं जो सूर्यास्त के समय स्वतः आन और तड़के आफ हो जाते हैं।

    सड़क सुरक्षा के साथ-साथ सौंदर्यकरण को बढ़ावा

    शहर को देशभक्ति के रंग में ढालने के साथ-साथ यह पहल रात्रि के समय यातायात सुरक्षा को मजबूत करने में भी कारगर साबित हो रही है। बिक्रम चौक से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के चालकों के लिए बेहतर दृश्यता सुनिश्चित हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    तवी पुल शहर के आकर्षण का केंद्र हैं। हम यहां तिरंगा पोल्स लगा रहे हैं ताकि खूबसूरती बढ़ने के साथ लोगों में देश प्रेम की भावना भी बढ़े। हम चाहते हैं कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश के साथ मनाया जाए। स्मार्ट सिटी मिशन और शहर के सौंदर्यकरण योजना के तहत जम्मू के प्रवेश द्वारों और प्रमुख पुलों को नया रूप दिया जा रहा है। तवी पुल और बिक्रम चौक पर तिरंगा लाइटिंग न केवल शहर की सुंदरता में निखार ला रही है, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव का संचार भी कर रही है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह की सौंदर्यीकरण परियोजनाएं लागू की जाएंगी। -डा. देवांश यादव, सीईओ जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं निगम आयुक्त

    खबरें और भी